सांकेतिक तस्वीरImage Credit source: Getty Images
अगर आपके अंदर कुछ कर दिखाने का जज्बा हो, तो मुश्किलें चाहे जितनी भी आएं, सफलता मिल ही जाती है. ऑस्ट्रेलिया में एक साधारण भारतीय लड़के ने कुछ ऐसा ही कमाल कर दिखाया है. कभी लोगों के घर-घर जाकर पिज्जा डिलीवर करने वाला यह लड़का (Pizza Delivery Boy) आज किसी पहचान का मोहताज नहीं है. आज वह तीन शानदार रेस्टोरेंट का मालिक है, जिसके पास अपनी लग्जरी BMW कार, ऑस्ट्रेलिया और हैदराबाद में आलीशान घर और हाल ही में ऑस्ट्रेलिया की नागरिकता भी मिल चुकी है.
इस दिल को छू लेने वाली कहानी को उनके आंत्रप्रेन्योर बहनोई विनीत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर शेयर किया है, जो अब इंटरनेट पर काफी वायरल हो रही है. आइए जानते हैं फर्श से अर्श तक पहुंचने का पूरा सफर.
पिज्जा डिलीवरी से शुरू हुई थी कहानी
वायरल पोस्ट के अनुसार, आज से करीब 11 साल पहले यह लड़का पढ़ाई करने के सपने लेकर ऑस्ट्रेलिया गया था. जब पढ़ाई पूरी होने के बाद उसे मनपसंद जॉब नहीं मिली, तो वह निराश होकर बैठा नहीं. घर चलाने और खर्चे निकालने के लिए उसने एक पिज्जा शॉप पर फुल-टाइम काम करना शुरू कर दिया, जिसमें उसका मुख्य काम लोगों के घर पिज्जा पहुंचाना था. उसने बिना किसी झिझक के पूरी ईमानदारी से हर छोटी-बड़ी चुनौती का सामना किया.
सिर्फ 3 साल में बदली किस्मत
कहते हैं न कि ईमानदारी की मेहनत कभी बेकार नहीं जाती. पिज्जा शॉप पर तीन साल की नौकरी और थोड़ी बहुत बचत के दम पर उसने एक बड़ा फैसला लिया. कुछ पैसों और पार्टनरशिप की मदद से उसने उसी पिज्जा फ्रेंचाइजी में निवेश कर दिया. कोविड-19 महामारी के बाद उसका बिजनेस ऐसा चमका कि देखते ही देखते उसने दो और नई फ्रेंचाइजी खरीद डालीं. जो लड़का कभी दूसरों के यहां पिज्जा डिलीवर करता था, आज वह खुद तीन कामयाब रेस्टोरेंट का मालिक बन चुका है.
गाड़ी, बंगला और माता-पिता का साथ
कारोबार में सफलता के बाद उसकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई. ऑस्ट्रेलिया में उसने अपने सपनों का घर बना लिया है और चलने के लिए शानदार BMW कार खरीदी है. हैदराबाद में भी उसका एक आलीशान घर है. सबसे बड़ी खुशी की बात यह है कि उसे और उसके परिवार को ऑस्ट्रेलिया की नागरिकता मिल गई है और वह अपने माता-पिता को भी अपने साथ ऑस्ट्रेलिया ले आया है.
My extended brother-in-law received Australian citizenship for himself and his family this week.
He went to Australia 11 years ago to study. Not merit, so he couldn’t get a job in his field.
He got a full-time job at a pizza shop, started working, and 3 years later, with a
— Vineeth K (@DealsDhamaka) September 20, 2026
Disclaimer: यह खबर वायरल सोशल मीडिया पोस्ट और नेटिजन्स की प्रतिक्रियाओं पर आधारित है. टीवी9 भारतवर्ष इस पोस्ट में किए गए किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है.



















