धूमधाम से निकाली पिता की शव यात्रा.
Bihar Viral News: आमतौर पर किसी की अंतिम यात्रा में मातमी सन्नाटा और गम का माहौल देखने को मिलता है, लेकिन बिहार के पश्चिम चंपारण जिले से एक बेहद अनोखी और हैरान कर देने वाली तस्वीर सामने आई है. जिले के नौतन प्रखंड क्षेत्र स्थित डबरिया मकरीटोला गांव में एक बुजुर्ग की अंतिम यात्रा को ढोल-नगाड़ों, गाजे-बाजे और आर्केस्ट्रा डांस के साथ निकाला गया.
इस अनोखी शवयात्रा का Video अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और पूरे इलाके में कौतूहल व चर्चा का विषय बना हुआ है. जानकारी के मुताबिक, डबरिया मकरीटोला के रहने वाले बुजुर्ग छठु पटेल का निधन हो गया था. रविवार को जब उनकी अंतिम यात्रा निकाली गई, तो नजारा आम शवयात्राओं से बिल्कुल अलग था.
शवयात्रा में सबसे आगे गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़े बज रहे थे, जबकि पीछे-पीछे आर्केस्ट्रा डांसर अपनी प्रस्तुति दे रहे थे. इस अनूठे दृश्य को देखने के लिए रास्ते भर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. कई लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जो अब जमकर वायरल हो रहा है.
बेटे ने बताई वजह: “पिता की आखिरी इच्छा पूरी की”
मृतक छठु पटेल के पुत्र मुकेश पटेल ने बताया कि उनके पिता जीवित रहते हुए अक्सर कहा करते थे कि उनकी मृत्यु के बाद परिवार रोने-धोने के बजाय उनकी अंतिम विदाई को एक उत्सव के रूप में मनाए.
मुकेश पटेल ने कहा- मेरे पिता की अंतिम इच्छा थी कि उनकी विदाई पर माहौल गमगीन न हो. हमने बस उनकी इच्छा का सम्मान किया और उन्हें खुशी-खुशी ढोल-नगाड़ों व आर्केस्ट्रा के साथ अंतिम विदाई दी.
ये भी पढ़ें: आज सब खेल खत्म कर देंगे, पूर्णिया में बैंक मैनेजर ने पत्नी को मारी गोली, मासूम बेटे ने बताई आंखोदेखी
इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं
अंतिम संस्कार के दौरान इस प्रकार से आर्केस्ट्रा डांस और जश्न मनाने को लेकर स्थानीय लोगों और समाज में मिश्रित प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. जहां कुछ लोग इसे परंपरा और सामाजिक मान्यताओं के विपरीत मानकर सवाल उठा रहे हैं, वहीं कई अन्य लोग इसे पिता की अंतिम इच्छा के प्रति समर्पित बेटों का अनूठा सम्मान बता रहे हैं.
(रिपोर्ट- कैलाश यादव/पश्चिम चंपारण)


























