(सांकेतिक तस्वीर)Image Credit source: Getty Images
दूर से देखने पर एयर होस्टेस की जिंदगी बेहद चमक-धमक और रोमांच से भरी लगती है, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि हजारों फीट की ऊंचाई पर बादलों के बीच काम करने वाली इन लड़कियों की असल जिंदगी कैसी होती है? यूक्रेन इंटरनेशनल एयरलाइंस की पूर्व फ्लाइट अटेंडेंट ने इस ग्लैमरस नौकरी का वह सच बयान किया है, जिसे जानकर आपके पैरों तले जमीन खिसक जाएगी.
हर दिन अजनबियों के साथ काम करने का चैलेंज
यात्री अक्सर फ्लाइट में क्रू मेंबर्स को आपस में हंसते-बोलते देखकर सोचते हैं कि ये सभी पुराने दोस्त हैं, लेकिन सच्चाई इसके बिल्कुल उलट होती है. बिजनेस इनसाइडर की एक रिपोर्ट के मुताबिक, यूक्रेन इंटरनेशनल एयरलाइंस में लगभग 10 साल काम कर चुकी एक पूर्व एयर होस्टेस ने बताया कि प्लेन में कदम रखने के बाद पता चलता है कि पायलट से लेकर बाकी सभी क्रू मेंबर बिल्कुल नए हैं, जिन्हें वो पहले कभी जानती तक नहीं थीं. शुरुआत में यह बात काफी परेशान करती थी, लेकिन धीरे-धीरे 35,000 फीट की ऊंचाई पर कुछ ही मिनटों में इन अजनबियों को एक परफेक्ट टीम में बदलना उनकी सुपरपावर बन गया.
पार्टी नहीं, जेट लैग और थकान से होता है मुकाबला
आम लोगों को लगता है कि फ्लाइट अटेंडेंट विदेशी शहरों में घूमती हैं और रोज पार्टियां करती हैं. असलियत यह है कि वे लगातार भयानक जेट लैग और थकान से जूझती रहती हैं. कई बार लंबी फ्लाइट के बाद होटल पहुंचते ही उनके पास सिर्फ खाना खाने, नहाने और थोड़ा सा सोने का ही वक्त होता है, ताकि वे अगली उड़ान के लिए तैयार हो सकें.
सख्त ब्यूटी स्टैंडर्ड्स का मानसिक तनाव अलग
हर उड़ान से पहले एक अघोषित ग्रूमिंग और लुक टेस्ट होता है, जिसमें एयरलाइन के सख्त नियमों के मुताबिक बाल, मेकअप और ड्रेस की जांच की जाती है. परफेक्ट स्किन, मैनीक्योर किए हुए नाखून और एक ही स्टाइल का जूड़ा रखना हर समय मानसिक दबाव पैदा करता है. इस स्ट्रेस से तंग आकर ही इस पूर्व एयर होस्टेस ने अपने लंबे बालों को बॉब कट में कटवा लिया था, ताकि उन्हें बार-बार स्टाइल न करना पड़े.



















