बेंगलुरु की नौकरी, दिल्ली में रहना Image Credit source: Getty Images
बेंगलुरु में नौकरी मिलना कई युवाओं के लिए करियर का बड़ा मौका होता है, लेकिन इसके साथ शहर बदलने और रहने का खर्च भी जुड़ा होता है. ऐसे में एक शख्स ने इस समस्या का ऐसा हल निकाला है, जिस पर सोशल मीडिया पर जमकर चर्चा हो रही है. उसका प्लान है कि वह नौकरी के लिए बेंगलुरु शिफ्ट होने के बजाय दिल्ली में अपने परिवार के साथ ही रहे और हर दूसरे हफ्ते फ्लाइट से बेंगलुरु जाकर ऑफिस का काम निपटाए.
शख्स ने Reddit पर अपनी स्थिति बताते हुए कहा कि उसकी नई नौकरी में हर दूसरे हफ्ते वर्क फ्रॉम होम की सुविधा है. इसका मतलब है कि उसे महीने में करीब 10 दिन ही ऑफिस जाना होगा. ऐसे में उसे लगा कि सिर्फ 10 दिनों के लिए बेंगलुरु में पूरा घर किराये पर लेना शायद ज्यादा समझदारी वाली बात नहीं होगी. इसके बजाय वह हर दो हफ्ते में दिल्ली से बेंगलुरु आने-जाने और कुछ दिनों के लिए होटल में रहने का विकल्प देख रहा है.
दिल्ली में रहकर बेंगलुरु जाकर नौकरी करना!
उसने Reddit पर लिखा कि अगर वह हर दूसरे हफ्ते करीब पांच दिनों के लिए बेंगलुरु जाता है तो दो राउंड ट्रिप फ्लाइट पर लगभग 32 हजार रुपये खर्च हो सकते हैं. इसके अलावा 10 दिनों के लिए होटल का खर्च करीब 15 हजार रुपये तक आ सकता है. हालांकि, अगर किसी दोस्त के यहां रुकने की व्यवस्था हो जाए तो यह खर्च और कम हो सकता है.
उसने अपने बाकी मासिक खर्चों को जोड़कर अनुमान लगाया कि दिल्ली में रहते हुए इस तरह की व्यवस्था का कुल खर्च करीब 65 हजार रुपये तक जा सकता है. उसके मुताबिक, अगर वह बेंगलुरु में स्थायी रूप से रहने लगे तो भी खर्च बहुत कम नहीं होगा. उसने किराये और मेंटेनेंस के लिए करीब 25 हजार रुपये, राशन और दूसरे घरेलू खर्चों के लिए 12 से 15 हजार रुपये, मेड और कुक के लिए करीब 5 हजार रुपये और दिल्ली आने-जाने समेत अन्य खर्चों को मिलाकर करीब 55 हजार रुपये का अनुमान लगाया.
यानी दोनों ऑप्शन के बीच हर महीने करीब 7-8 हजार रुपये का ही अंतर रह जाता है. ऐसे में शख्स का सवाल है कि जब थोड़े ज्यादा पैसे खर्च करके भी वह अपने परिवार के साथ दिल्ली में रह सकता है, तो फिर स्थायी तौर पर बेंगलुरु जाने की जरूरत क्यों हो? उसने यह भी बताया कि वह दिल्ली में ही पला-बढ़ा है और अपने परिवार के करीब रहना चाहता है. उसके लिए परिवार के साथ रहना सिर्फ पैसों की बचत का मामला नहीं, बल्कि मानसिक सुकून से भी जुड़ा है.
यह भी पढ़ें: Viral Video: बिरयानी से लेकर UPI तक, भारत ने जीता जिम्बाब्वे के छात्र का दिल, बोला- डिग्री लेने आया था, यादें लेकर जाऊंगा
इसके अलावा बेंगलुरु में घर लेने पर सिक्योरिटी डिपॉजिट, फर्नीचर और दूसरी शुरुआती जरूरतों पर भी काफी पैसा खर्च हो सकता है. उसका मानना है कि ट्रैवल कार्ड या किसी अन्य ऑफर की मदद से फ्लाइट का खर्च भी कुछ कम किया जा सकता है. हालांकि, Reddit पर लोगों की राय इस मामले में बंटी हुई नजर आई. कुछ लोगों को यह आइडिया काफी व्यावहारिक लगा. एक यूजर ने इसे अच्छा और काम चलाऊ प्लान बताया. वहीं, कुछ लोगों ने लगातार फ्लाइट से सफर करने की थकान को लेकर सावधान किया. उनका कहना था कि कागज पर यह व्यवस्था भले ही अच्छी लगे, लेकिन हर दूसरे हफ्ते दिल्ली से बेंगलुरु और फिर वापस आना लंबे समय में थकाऊ हो सकता है. वहीं कुछ यूजर्स ने कहा कि नौकरी और पैसों के अलावा परिवार के साथ रहने से मिलने वाला सुकून भी काफी मायने रखता है. ऐसे में अगर यह शख्स ट्रैवल की थकान संभाल सकता है, तो उसका दिल्ली में रहकर बेंगलुरु ऑफिस जाना वाला प्लान उसके लिए एक दिलचस्प विकल्प हो सकता है.
यहां देखिए पोस्ट
Alternate WFH in BLR and stay in Delhi
by
u/drago_vans in
IndianWorkplace



















