दिल्ली मेट्रो का वीडियो हुआ वायरल Image Credit source: Instagram/delhi.metrolife
दिल्ली मेट्रो में सफर करना अपने आप में किसी अनुभव से कम नहीं है. यहां कब क्या देखने को मिल जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल होता है. कभी कोई यात्री अचानक डांस करने लगता है, तो कभी सीट को लेकर बहस शुरू हो जाती है. कई बार तो कुछ ऐसे नजारे भी सामने आ जाते हैं, जिन्हें देखकर लोग कुछ सेकेंड के लिए सोच में पड़ जाते हैं कि आखिर यह हो क्या रहा है. इन दिनों सोशल मीडिया पर दिल्ली मेट्रो का एक ऐसा ही वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक यात्री ने मेट्रो के अंदर ही अपने गीले कपड़े सुखाने का इंतजाम कर लिया.
वायरल वीडियो में मेट्रो अपने रूट पर दौड़ती दिखाई दे रही है. कोच में बैठे ज्यादातर यात्री अपने-अपने काम में व्यस्त हैं. कोई मोबाइल चला रहा है तो कोई चुपचाप सीट पर बैठकर सफर कर रहा है. लेकिन इसी बीच कोच के ऊपर टंगे कुछ कपड़े लोगों का ध्यान खींच लेते हैं.
क्या दिखा इस वीडियो में?
गौर से देखने पर पता चलता है कि किसी यात्री ने अपनी गीली जैकेट और लोअर मेट्रो के अंदर लगी ऊपरी ग्रिल और हैंडरेल पर टांग रखे हैं. नजारा कुछ ऐसा है जैसे मेट्रो का कोच अचानक घर की बालकनी में बदल गया हो. बारिश के मौसम में कपड़े भीगना आम बात है और उन्हें समय पर सुखाना कई बार मुश्किल हो जाता है. शायद इसी परेशानी से बचने के लिए इस यात्री ने अपना अलग ही जुगाड़ निकाल लिया. संभव है कि उसके दिमाग में यह ख्याल आया हो कि मेट्रो के अंदर एसी चल रहा है, तो यहां कपड़े जल्दी सूख जाएंगे. बस फिर क्या था, उसने अपनी जैकेट और लोअर वहीं फैला दिए.
हालांकि, यात्री के लिए यह तरीका कितना काम का रहा, यह तो पता नहीं, लेकिन बाकी लोगों के लिए यह जरूर मनोरंजन का कारण बन गया. सार्वजनिक जगह पर इस तरह कपड़े सुखाने का नजारा आमतौर पर देखने को नहीं मिलता. यही वजह है कि मेट्रो में मौजूद किसी यात्री ने इस पूरे सीन को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया.
यह भी पढ़ें: OMG! मंगल पर एलियंस खोजने में मदद करेगी ये नदी, जिसके पास है सिरके जैसा पानी
इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर पहुंचा और देखते ही देखते वायरल हो गया. इसे @delhi.metrolife नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया गया है. वीडियो सामने आने के बाद लोग भी इस अनोखे जुगाड़ पर तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं.
यहां देखिए वीडियो



























