कॉर्पोरेट की दुनिया में टिके रहने का सबसे आसान तरीकाImage Credit source: Instagram/@kashiviswanathkosuri
कॉर्पोरेट की दुनिया में अक्सर काम का दबाव और अनकहे नियम लोगों को मानसिक रूप से थका देते हैं. कई बार ऐसा लगता है कि अगर आप काम के बीच खुश हैं या अपनी हॉबीज को समय दे रहे हैं, तो लोग मान लेते हैं कि आप जॉब को लेकर सीरियस नहीं हैं. हाल ही में इंस्टाग्राम पर काशी विश्वनाथ नाम के एक यूजर का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने कॉर्पोरेट में सर्वाइव करने का बहुत ही सीधा और असरदार नियम बताया है.
काम को ही बनने दें अपनी ढाल
काशी विश्वनाथ ने वीडियो में साफ कहा कि अगर आप खुश रहते हैं या अपने शौक पूरे करते हैं, तो सहकर्मी या बॉस सोचेंगे कि नौकरी आपके लिए पहली प्राथमिकता नहीं है. लोगों की इन धारणाओं को बदलने का सिर्फ एक तरीका है, अपने प्रदर्शन को बोलने दें. आपको जो भी काम सौंपा गया है, अपने टारगेट, KRA और KPI बिना किसी चूक के पूरे करें. जब आप अपने लक्ष्य हासिल कर लेते हैं, तो उसके बाद आप अपनी लाइफ में क्या करते हैं, इस पर कोई सवाल नहीं उठाएगा.
टारगेट मिस होने पर भारी पड़ेगा हर बहाना
वीडियो में एक कड़वी सच्चाई यह भी बताई गई कि जब तक आपका काम परफेक्ट है, सब ठीक है. लेकिन अगर आप अपना टारगेट हासिल करने में नाकाम रहते हैं, तो आपने पहले भले ही सौ काम सही किए हों, कोई आपकी तारीफ नहीं करेगा. इसलिए अपनी जॉब सिक्योरिटी और शांति के लिए काम के नतीजों पर सबसे ज्यादा ध्यान देना जरूरी है.
बिना ट्रेनिंग के काम मिलने पर क्या करें फ्रेशर्स?
इस वीडियो पर एक यूजर ने फ्रेशर्स की समस्या उठाई कि कई कंपनियां बिना ट्रेनिंग के सीधे काम थमा देती हैं और काम पूरा करने का दबाव बनाती हैं. इस पर काशी ने सुझाव दिया कि अपने मैनेजर के साथ वन-ऑन-वन मीटिंग करें. उनसे कहें कि आप टीम के टॉप परफॉर्मर बनना चाहते हैं और इसके लिए सही गाइडेंस व ट्रेनिंग की जरूरत है. मीटिंग खत्म होते ही इस पूरी बातचीत को ईमेल पर समराइज करके भेजें ताकि आपके पास लिखित सबूत रहे.
सोशल मीडिया पर लोगों ने जताई सहमति
इस वायरल वीडियो पर लोगों ने जमकर प्रतिक्रियाएं दी हैं. ज्यादातर यूजर्स ने काशी की बात से सहमति जताते हुए कहा कि ऑफिस में दिखावे से ज्यादा नतीजे मायने रखते हैं और यह करियर के लिहाज से बिल्कुल व्यावहारिक सलाह है.
यहां देखिए वायरल वीडियो



























