डिलीवरी एजेंट पर गंभीर आरोपImage Credit source: Social Media
यह घटना एक नॉर्मल ऑनलाइन डिलीवरी से शुरू हुई, लेकिन कुछ ही मिनटों में एक महिला के लिए बेहद डरावने अनुभव में बदल गई. बेंगलुरु की रहने वाली एक महिला ने दावा किया कि उसके घर पर सामान पहुंचाने आए एक ज़ेप्टो डिलीवरी पार्टनर ने ऐसी हरकत की, जिससे वह खुद को असुरक्षित महसूस करने लगी. महिला ने पूरा मामला सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया.
महिला ने इंस्टाग्राम पर ‘thatamethystgirl’ नाम से मौजूद हैं, ने एक वीडियो पोस्ट कर पूरी घटना बताई. उनके मुताबिक, डिलीवरी एजेंट सामान देने के बाद उनसे पीने के लिए पानी मांगने लगा. उन्हें लगा कि गर्मी और लगातार काम की वजह से उसे प्यास लगी होगी, इसलिए उन्होंने उसे एक पूरी पानी की बोतल दे दी और कहा कि वह इसे अपने साथ ले जाए, लेकिन महिला का कहना है कि मामला यहीं खत्म नहीं हुआ. उनका आरोप है कि कुछ देर बाद डिलीवरी एजेंट ने बताया कि उसने बोतल का पानी खत्म कर लिया है और अब उसे थोड़ा और पानी चाहिए. इसके साथ ही उसने महिला से बार-बार यह भी कहना शुरू कर दिया कि उसे कुछ मिनटों के लिए घर के अंदर आने दिया जाए.
जेप्टो ने मांगी माफी
महिला के अनुसार, यह बात उन्हें अजीब लगी और उन्होंने साफ मना कर दिया. उन्होंने दरवाजा बंद करने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि डिलीवरी एजेंट लगातार घर के अंदर आने की जिद करता रहा. इतना ही नहीं, जब महिला ने गेट बंद करना चाहा तो उसने कई बार डोरबेल बजाई और दरवाजे पर जोर-जोर से दस्तक भी दी. महिला का कहना है कि उस समय वह काफी घबरा गई थीं क्योंकि सामने वाला व्यक्ति लगातार घर के अंदर आने की कोशिश कर रहा था.
इस पूरी घटना के बाद महिला ने सोशल मीडिया पर अपना एक्सपीरियंस शेयर किया. वीडियो वायरल होने के बाद ज़ेप्टो ने उनसे कॉन्टेक्ट किया और मामले की जानकारी ली. महिला के मुताबिक, कंपनी ने इस शिकायत को गंभीरता से लिया और तुरंत कार्रवाई शुरू की. महिला ने बताया कि ज़ेप्टो ने संबंधित डिलीवरी पार्टनर का अकाउंट बंद कर दिया है. साथ ही यह भी सुनिश्चित किया कि वो भविष्य में उनके घर या उनकी लोकेशन के आसपास किसी भी डिलीवरी के लिए न भेजा जाए. कंपनी ने इसका प्रूफ राइटिंग में दिया.
महिला के अनुसार, ज़ेप्टो ने उन्हें एक लिखित माफीनामा भी भेजा, जिसमें इस घटना पर खेद जताया गया. इसके अलावा उन्हें डिलीवरी पार्टनर का इस्तीफा भी उपलब्ध कराया गया. महिला का कहना है कि कंपनी ने उन्हें स्पष्ट रूप से बताया कि यदि भविष्य में वह व्यक्ति उनके घर या आसपास दिखाई देता है, तो ज़ेप्टो उनके साथ मिलकर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का अधिकार रखता है.
यह भी पढ़ें: Viral: बिना कैलकुलेटर 3 साल के बच्चे ने सेकंडों में किया गुणा, अनोखे अंदाज में मासूम ने दिया 234×2 का जवाब
महिला ने अपने वीडियो में यह भी कहा कि कंपनी ने इस मामले को जिस तेजी और गंभीरता से संभाला, उससे उन्हें राहत मिली. उन्होंने ज़ेप्टो का धन्यवाद करते हुए कहा कि कंपनी ने न सिर्फ उनकी शिकायत सुनी, बल्कि उस पर तुरंत कदम भी उठाए. इसके अलावा कंपनी की ओर से उन्हें एक छोटे से माफीनामे के तौर पर सांकेतिक उपहार भी दिया गया. हालांकि, इस घटना ने एक बार फिर ऑनलाइन डिलीवरी के दौरान ग्राहकों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.
यहां देखिए वीडियो



























