Crime

बगहा में अंधाधुंध फायरिंग से दहशत, उप मुखिया और वार्ड सदस्य पर बरसाई गोलियां, Bihar Hindi News

बगहा के भैरोगंज में बुधवार शाम अपराधियों ने घर के बाहर बैठे उप मुखिया अशोक दास और वार्ड सदस्य राधेश्याम पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। अपराधी दोनों पर गोलियां बरसा कर भाग निकले। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है। फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। 

बिहार के पश्चिम चंपारण में बगहा पुलिस जिले की भैरोगंज पंचायत के उप मुखिया कपरधिका वार्ड-9 के अशोक दास (40) और वार्ड सदस्य लक्ष्मीपुर वार्ड-6 के राधेश्याम राम (38) पर अपराधियों ने अंधाधुन फायरिंग की। वार्ड सदस्य के साथ उप मुखिया बुधवार की देर शाम अपने दरवाजे पर बैठे थे। इसी दौरान बाइक सवार अपराधी वहां पहुंचे और फायरिंग कर फरार हो गए। गोली लगने से दोनों बुरी तरह घायल हो गए।

सूचना पर डायल 112 मोबाइल पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और परिजनों की मदद से दोनों को बगहा अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखकर डॉक्टरों ने उन्हें बेतिया स्थित जीएमसीएच रेफर कर दिया।

दोनों को लगी दो-दो गोलियां

अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉ. संजय गुप्ता ने बताया कि दोनों को दो-दो गोलियां लगी हैं। वार्ड सदस्य को दाहिने एवं बाएं पाजर में एक-एक गोली लगी है। उप मुखिया को दाहिने कूल्हे एवं पाजर में गोली मारी गई है।

आपसी रंजिश में गोलीबारी की आशंका

बगहा एसडीपीओ निहार भूषण ने बताया कि प्रारंभिक जांच में गोलीबारी के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

उन्होंने कहा कि पुलिस ने घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर ली है। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

अंधाधुंध फायरिंग

परिजनों ने बताया कि 40 वर्षीय उप मुखिया अशोक दास लक्ष्मीपुर के वार्ड सदस्य राधेश्याम (38 साल) के साथ बुधवार देर शाम में अपने दरवाजे पर बैठे हुए थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो अपराधी पहुंचे। जब तक लोग कुछ समझ पाते अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

मरा समझकर भाग गए अपराधी

गोली लगने से उप मुखिया एवं वार्ड सदस्य खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़े। उन्हें मरा समझकर अपराधी मौके से फरार हो गए। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग एवं परिजन दौड़े। सूचना पर पुलिस पहुंची और परिजनों की मदद से दोनों को अस्पताल ले जाया गया।

एसपी क्या बोले

बगहा के एसपी राजेश कुमार ने कहा कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। घटनास्थल पर लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले में साक्ष्य जुटाने के साथ कई बिंदुओं पर छानबीन कर रही है।

What's your reaction?

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts