गेमिंग स्टार बनी 60 साल की महिला Image Credit source: Getty Images
कभी जिस मां को अपने बेटे का घंटों वीडियो गेम खेलना बिल्कुल पसंद नहीं था, आज वही मां खुद कंप्यूटर के सामने बैठकर घंटों गेम खेलती हैं. इतना ही नहीं, अब हजारों लोग उन्हें ऑनलाइन गेम खेलते हुए देखने के लिए इंतजार करते हैं. चीन की 60 साल की झोंग जुआनजुआन, जिन्हें इंटरनेट पर प्यार से आंटी जुआन कहा जाता है, आज एक फेमस गेमिंग लाइवस्ट्रीमर हैं. उनके करीब 5.27 लाख फॉलोअर्स हैं और उनके हर लाइव सेशन को लगभग 10 हजार लोग देखते हैं.
झोंग चीन के ग्वांगडोंग प्रांत के मेइझोउ के बाहरी इलाके में रहती हैं. उन्होंने सिर्फ प्राइमरी स्कूल तक पढ़ाई की है और जिंदगी में सेल्स से लेकर बच्चों की देखभाल तक कई छोटे-मोटे काम किए. करीब 10 साल पहले उन्होंने काम से रिटायरमेंट ले लिया था. लेकिन असली दिलचस्प मोड़ उनकी जिंदगी में साल 2020 में आया. उस समय उनका छोटा बेटा, जो ऑनलाइन सुओडे नाम से जाना जाता है, नौकरी छोड़ने के बाद घर पर काफी समय गेम खेलने में बिताता था.
बेटे से गेमिंग सीखी और फिर छा गईं मां
बेटे को गेम खेलते देखकर झोंग को अपना पुराना समय याद आ गया. करीब दो दशक पहले उनका बेटा स्कूल में पढ़ता था और गेम खेलने की वजह से उसकी पढ़ाई प्रभावित होने लगी थी. तब झोंग कई बार उसे ढूंढते हुए इंटरनेट कैफे पहुंच जाती थीं और कभी-कभी उसे वहां से जबरन घर भी लेकर आती थीं, लेकिन वक्त के साथ कहानी पूरी तरह बदल गई.
एक दिन झोंग ने सोचा कि आखिर उनके बेटे को गेम में ऐसा क्या मिलता है कि वह घंटों इसमें लगा रहता है. इसी जिज्ञासा में उन्होंने खुद गेम खेलने की ठानी. बेटे ने भी उन्हें गेम सिखाने में मदद की. हालांकि शुरुआत बिल्कुल आसान नहीं थी. झोंग कभी गेम में दीवार से टकरा जातीं, कभी सही दिशा में जाने की बजाय उल्टा घूम जातीं और वर्चुअल सीढ़ियां चढ़ना भी उनके लिए मुश्किल होता था.
उम्र के साथ कमजोर होती नजर और धीमी प्रतिक्रिया ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी, फिर भी उन्होंने हार नहीं मानी. लगातार प्रैक्टिस करते-करते झोंग ने गेमिंग में अच्छी पकड़ बना ली और साल 2022 में लाइवस्ट्रीमिंग शुरू कर दी. उनकी कहानी तब तेजी से लोगों का ध्यान खींचने लगी, जब दर्शकों ने देखा कि एक सामान्य सी दिखने वाली 60 साल की महिला शूटिंग गेम्स में काफी शानदार प्रदर्शन कर रही हैं. वह गेमिंग की ऐसी भाषा भी आसानी से इस्तेमाल करती हैं, जो आमतौर पर युवा खिलाड़ियों के बीच सुनने को मिलती है.
झोंग अब तक 8,000 घंटे से ज्यादा गेम खेल चुकी हैं. दिसंबर 2024 में उन्हें काउंटर-स्ट्राइक: ग्लोबल ऑफेंसिव के एक ऑनलाइन प्रदर्शनी मैच में खेलने का मौका मिला. इस मुकाबले में 17 साल के रूसी गेमिंग स्टार डोंक भी शामिल थे. झोंग ने मैच के दौरान उन्हें आउट कर सबको चौंका दिया.
उनकी पॉपुलैरिटी बढ़ी तो कुछ लोगों ने यह भी शक जताया कि शायद कोई और उनके लिए गेम खेल रहा है. इसके बाद उनके बेटे ने कई कैमरे लगाए, ताकि लोग अलग-अलग एंगल से झोंग को खुद गेम खेलते हुए देख सकें. झोंग उन लोगों को भी जवाब देती हैं जो मानते हैं कि उनकी उम्र की महिलाओं को सिर्फ घर के काम करने चाहिए. उनका कहना है कि मां होने का मतलब यह नहीं कि उनकी जिंदगी सिर्फ घरेलू जिम्मेदारियों तक सीमित हो जाए.
उनके लिए गेमिंग सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि कुछ नया सीखने और दिमाग को एक्टिव रखने का तरीका भी है. वह मानती हैं कि नई चीज सीखने की कोई उम्र नहीं होती. सबसे मजेदार बात यह है कि जिस बेटे को कभी उसकी मां गेम खेलने से रोकती थीं, आज वही बेटा उनकी गेमिंग करियर में मदद करता है और उनका फुल-टाइम एजेंट बन चुका है. यहां तक कि वह रात 12 बजे इंटरनेट बंद कर देता है, ताकि उसकी मां देर रात तक गेम न खेलती रहें.
यह भी पढ़ें: जापान में भोजपुरी गाने का ऐसा क्रेज! जापानी डांसर्स ने जब लगाए ठुमके तो सोशल मीडिया पर छा गया वीडियो
अब हालात ऐसे हैं कि झोंग को बाजार में भी लोग पहचानने लगे हैं. हाल ही में एक अधेड़ व्यक्ति ने उन्हें देखते ही बताया कि वह उन्हें ऑनलाइन गेम खेलते हुए देख चुका है. कभी बेटे की गेमिंग की चिंता करने वाली यह मां आज खुद हजारों लोगों के लिए गेमिंग की दुनिया का जाना-पहचाना चेहरा बन चुकी हैं. उनकी कहानी यही बताती है कि अगर सीखने का जज्बा हो, तो नई शुरुआत करने की कोई उम्र नहीं होती.



















