वापस मांगा पैसा तो महिला ने दिया ये रिप्लाई
रिश्तों में प्यार, भरोसा और समझ जरूरी होते हैं, लेकिन इसमें पैसे की भूमिका भी अक्सर अहम होती है. कहा जाता है कि बिना पैसे भी रिश्ते निभाए जा सकते हैं, लेकिन जब बात जरूरत के समय मदद की आती है, तो मामला कई बार बिगड़ जाता है. अक्सर लोग शिकायत करते हैं कि उनके करीबी या दोस्त जरूरत के वक्त पैसे तो ले लेते हैं, लेकिन लौटाने की बारी आने पर बहाने बनाने लगते हैं. हाल ही में इंटरनेट पर एक ऐसा ही मामला वायरल हुआ, जिसने बहुतों को सोचने पर मजबूर कर दिया.
रेडिट पर एक यूजर ने अपनी दोस्त के साथ हुई व्हाट्सएप चैट शेयर की. उसने बताया कि उसने अपनी एक ऑनलाइन दोस्त की मदद करते हुए 15 हजार रुपये ट्रांसफर किए थे. पैसे भेजने के बाद उसने उसका स्क्रीनशॉट दोस्त को भेजा. उस समय लड़की ने थैंक्यू सो मच लिखते हुए कहा था कि वह अगले हफ्ते तक पैसे लौटा देगी. उस पर भरोसा करते हुए यूजर ने ठीक है में जवाब दे दिया, लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई. करीब नौ महीने बीत जाने के बाद भी पैसे वापस नहीं आए. जब उस शख्स ने धीरे से पैसे के बारे में पूछा, तो लड़की का जवाब सुनकर वह हैरान रह गया. उसने लिखा कि अगर आपको लगता है कि मैं आपके पैसे लौटाना नहीं चाहती, तो बार-बार मैसेज करने से कुछ नहीं बदल जाएगा. मैं दोबारा आपको मैसेज करने और पैसे लौटाने का मौका नहीं दूंगी.
क्या कहा आखिर महिला ने?
इस पर शख्स ने शांत रहकर जवाब दिया कि सच कहूं तो मुझे आपसे ऐसे जवाब की उम्मीद नहीं थी, लेकिन सच्चाई दिखाने के लिए शुक्रिया. लड़की ने तुरंत पलटकर लिखा कि और मुझे भी आपसे ऐसे दबाव की उम्मीद नहीं थी. मैं कोई चोर नहीं हूं, मैं आपके पैसे नहीं चुरा रही हूं. इस पर लड़के ने लिखा कि दबाव? तुमने खुद कहा था कि एक हफ्ते में लौटा दोगी. रेडिट पोस्ट में यूजर ने लिखा कि उसने अपनी ऑनलाइन दोस्त की मदद तब की थी जब वह मुश्किल में थी. लड़की ने एक हफ्ते में पैसे लौटाने का वादा किया था, और उसने बिना किसी दबाव के नौ महीने तक इंतजार किया. लेकिन जब उसने आखिरकार पैसे मांगे, तो सामने से बेहद अजीब और रूखा जवाब मिला कि मुझे मैसेज करना बंद करो, मैं जब कर पाऊंगी तब लौटा दूंगी.
I helped a online friend when she needed it, and now shes acting like Im the problem
byu/fatguy514 inTeenIndia
यूजर ने बताया कि उसने न कभी गुस्सा किया और न ही कोई गलत बात कही. बस विनम्रता से अपने पैसे मांगे. उसे तकलीफ इस बात की नहीं थी कि पैसे देर से मिल रहे हैं, बल्कि इस बात की थी कि एक दोस्त इतनी जल्दी बदल गई. उसने लिखा कि दर्द पैसों से नहीं, बल्कि इस एहसास से हुआ कि जब लोगों को आपकी जरूरत नहीं रहती, तो वे कितनी आसानी से बदल जाते हैं. यह पोस्ट रेडिट के r/TeenIndia पेज पर यूजर @fatguy514 ने शेयर की थी, जिसका टाइटल था कि मैंने एक ऑनलाइन दोस्त की मदद की थी जब उसे इसकी जरूरत थी, और अब वह ऐसे बर्ताव कर रही है जैसे गलती मेरी हो.

























