पुलिस के अनुसार रविवार देर रात हुई इस मुठभेड़ में गोरखपुर के विधनापार निवासी भानु प्रताप सिंह (38) घायल हो गया और उसे उपचार के लिए अयोध्या मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

i
अयोध्या में उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के साथ हुई मुठभेड़ में इनामी बदमाश मारा गया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार रविवार देर रात हुई इस मुठभेड़ में गोरखपुर के विधनापार निवासी भानु प्रताप सिंह (38) घायल हो गया और उसे उपचार के लिए अयोध्या मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। उसने बताया कि सिंह के खिलाफ 40 मुकदमे दर्ज हैं।
आजमगढ़ पुलिस ने एक लाख रुपये का रखा था इनाम
एसटीएफ के अपर पुलिस महानिदेशक अमिताभ यश ने बताया कि भानु प्रताप पर आजमगढ़ पुलिस ने एक लाख रुपये, आंबेडकर नगर पुलिस ने 50 हजार और गोरखपुर पुलिस ने 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया कि रविवार देर रात एसटीएफ की प्रयागराज इकाई को भानु प्रताप सिंह के बारे में सूचना मिली थी और जब उसे रोकने की कोशिश की तो बदमाश ने गोलीबारी शुरू कर दी।
गोली लगने से घायल हुआ था, इलाज के दौरान हुई मौत
बयान में कहा गया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई। बयान में कहा गया कि भानु प्रताप सिंह के खिलाफ हत्या, लूट और रंगदारी जैसी गंभीर धाराओं में 40 मुकदमे दर्ज हैं।


























