बच्चों के साथ मैच खेलता दिखा कुत्ता Image Credit source: Instagram/@mufaddal_vohra
क्रिकेट खेलने का मन हो, लेकिन टीम पूरी न हो, तो क्या किया जाए? ज़्यादातर लोग खेल ही रद्द कर देंगे. लेकिन कुछ बच्चों ने इसका ऐसा मजेदार हल निकाला कि उनका वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है. उन्होंने अपने चार पैरों वाले दोस्तों यानी कुत्तों को ही अपनी क्रिकेट टीम का हिस्सा बना लिया.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वायरल हो रहे इस वीडियो में कुछ बच्चे पहाड़ी इलाके में क्रिकेट खेलते दिखाई देते हैं. चारों तरफ हरियाली, ऊंचे-नीचे पत्थर और खुला मैदान इस मैच को और भी खास बना देते हैं. मैदान बिल्कुल भी सपाट नहीं है. जगह-जगह बड़े पत्थर हैं, फिर भी बच्चों का जोश कम नहीं होता. उनके साथ दो कुत्ते और आसपास घूम रही कुछ गायें भी नजर आती हैं. हालांकि सबसे ज्यादा ध्यान खींचते हैं ये दोनों कुत्ते, जो सिर्फ दर्शक नहीं बल्कि मैच के अहम खिलाड़ी बन जाते हैं.
कुत्ता बना बेहतरीन खिलाड़ी
वीडियो में एक कुत्ता तो विकेटकीपर की भूमिका निभाता दिखता है. गेंद जैसे ही उसकी तरफ आती है, वह फुर्ती से उसे अपने मुंह में पकड़ लेता है. दूसरी ओर दूसरा कुत्ता मैदान में इधर-उधर दौड़कर फील्डिंग करता नजर आता है. गेंद दूर पहाड़ी की तरफ चली जाती है, तो वह बड़े-बड़े पत्थरों को पार करते हुए उसके पीछे भागता है और कुछ ही देर में गेंद वापस ले आता है.
सबसे मजेदार पल तब आता है, जब बल्लेबाज शॉट खेलता है और कुत्ता हवा में ही गेंद लपक लेता है. यह कैच देखकर बल्लेबाजी कर रहा बच्चा भी कुछ पल के लिए हैरान रह जाता है. वहीं कुत्ता बिना किसी शोर-शराबे के ऐसे आगे बढ़ जाता है, जैसे उसके लिए यह बिल्कुल नॉर्मल बात हो. बच्चों और उनके इन प्यारे साथियों के बीच की शानदार समझ और तालमेल देखकर साफ पता चलता है कि वे अक्सर साथ खेलते होंगे.
यह भी पढ़ें: Viral Video: ताने को बनाया कंटेंटझारखंड की लड़की ने ट्रोल को मुस्कुराकर दिया जवाब, उड़ाई मजेदार अंदाज में धज्जियां
वीडियो पर लिखा गया है कि Premium Subscription of Life.” यानी जिंदगी की असली खुशी महंगी चीजों में नहीं, बल्कि ऐसे छोटे-छोटे खूबसूरत पलों में छिपी होती है. यही वजह है कि यह वीडियो लाखों लोगों को पसंद आ रहा है. हालांकि वीडियो कहां का है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन इंटरनेट पर इसे खूब शेयर किया जा रहा है. लोग सिर्फ कुत्तों की फुर्ती की तारीफ नहीं कर रहे, बल्कि बच्चों और जानवरों के बीच के इस प्यारे रिश्ते को भी सराह रहे हैं.
यहां देखिए वीडियो
Kids playing cricket with cute fielders. 😄🐶 pic.twitter.com/4wdBdFBOYL
— Mufaddal Vohra (@mufaddal_vohra) August 6, 2026



























