लॉटरी ने बदल दी किस्मत Image Credit source: Illinoise
किस्मत कब और किस अंदाज में पलट जाए, कोई नहीं जानता. अमेरिका के इलिनाय के ब्रैडवुड में रहने वाले एक शख्स के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. जन्मदिन पर दोस्त ने उसे कुछ लॉटरी टिकट गिफ्ट किए थे. उस वक्त शायद किसी ने सोचा भी नहीं होगा कि उन्हीं टिकटों में से एक उसकी जिंदगी बदलने वाला है. खास बात यह है कि शख्स को जब अपनी जीत का पता चला, तब भी उसे यकीन नहीं हुआ कि वह करोड़पति बन चुका है.
दरअसल, शख्स की पत्नी ने उसके जन्मदिन पर घर में एक पार्टी रखी थी. इस दौरान एक दोस्त ने जन्मदिन की बधाई देते हुए उसे एक लिफाफा दिया. लिफाफे के अंदर लॉटरी के कुछ टिकट थे. शख्स ने भी इसे दोस्त का एक प्यारा सा तोहफा समझा और धन्यवाद कहते हुए लिफाफा अपने पास रख लिया. उस समय उसे अंदाजा तक नहीं था कि इस छोटे से लिफाफे में करोड़ों रुपये की किस्मत छिपी हुई है.
कितने का लगा जैकपॉट?
कुछ दिनों बाद 8 अगस्त को इलिनाय लॉटरी मिलियन 2 के नतीजे जारी हुए. जब टिकट के नंबरों का मिलान किया गया तो शख्स के होश उड़ने वाले थे. उसके टिकट पर लिखे सभी छह नंबर, 11, 17, 22, 26, 36 और 45, ड्रॉ के विजेता नंबरों से मैच कर गए. यानी टिकट पर कोई एक या दो नंबर नहीं, बल्कि पूरे छह नंबर सही निकले थे, लेकिन कहानी में एक दिलचस्प मोड़ अभी बाकी था. शख्स और उसके दोस्त, दोनों को शुरुआत में लगा कि शायद टिकट से सिर्फ 1,000 डॉलर की रकम मिली है.
शख्स को भी यही भरोसा था कि उसने करीब 83 हजार रुपये जीते हैं. वह अपनी पत्नी के साथ खुशी-खुशी 1,000 डॉलर की रकम लेने लॉटरी क्लेम सेंटर पहुंच गया. इसके बाद जो हुआ, उसे सुनकर शायद उन्हें अपनी किस्मत पर भरोसा करना मुश्किल हो गया. क्लेम सेंटर में कर्मचारी ने टिकट को कंप्यूटर पर स्कैन किया.
टिकट की जानकारी सामने आते ही कर्मचारी हंस पड़ा और उसने बताया कि यह 1,000 डॉलर का इनाम नहीं है. असल में टिकट पर पूरे 1 मिलियन डॉलर यानी करीब 8.3 करोड़ रुपये का जैकपॉट लगा है. यह सुनते ही पति-पत्नी कुछ पल के लिए बिल्कुल शांत रह गए. उन्हें समझ ही नहीं आया कि इतनी बड़ी रकम उन्होंने कब जीत ली. जहां शख्स इस खबर से हैरान रह गया, वहीं उसकी पत्नी खुशी के मारे भावुक होकर रोने लगी.
यह भी पढ़ें: नाला पार करने का था गजब कॉन्फिडेंस, लेकिन आखिरी सेकेंड में बिगड़ा बैलेंस और सीधे नाले में जा गिरा
अब इस अचानक मिली दौलत को लेकर दोनों ने कई प्लान भी बना लिए हैं. शख्स अपनी 40वीं शादी की सालगिरह को खास बनाने के लिए पत्नी के साथ क्रूज ट्रिप पर जाना चाहता है. इसके अलावा वह नई कार और गोल्फ कार्ट खरीदने की भी योजना बना रहा है. वह फ्लोरिडा में रहने वाले अपने परिवार से मिलने भी जाएगा और बच्चों को भी इस बड़ी जीत की खुशी में शानदार ट्रीट देने वाला है.



















