50 लाख की बचत करने के बाद भी खालीपन क्यों? (सांकेतिक तस्वीर)Image Credit source: Getty Images
जब बैंक खाते में लाखों रुपए जमा हों, भविष्य की सुरक्षा पक्की हो, लेकिन जीने का तरीका ऐसा हो कि एक आम मिडिल क्लास आदमी भी हैरान रह जाए, तो क्या यह समझदारी है या फिर पैसों का अत्यधिक मोह? सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Reddit पर शेयर की गई एक कहानी इन दिनों जमकर वायरल हो रही है, जहां एक शख्स ने अपनी सफलता और मानसिक उलझनों का खुलकर जिक्र किया है.
50 लाख की सेविंग्स, फिर भी साइकिल की सवारी
वायरल हुई रेडिट पोस्ट के मुताबिक, 30 वर्षीय इस शख्स के पास आज 50 लाख रुपए से ज्यादा की सेविंग्स है. इसके बावजूद वह आज भी किराए के मकान में रहता है, उसके पास अपनी कोई कार नहीं है और वह रोजमर्रा के काम के लिए आठ साल पुरानी साइकिल का इस्तेमाल करता है. शादी को दो साल बीत चुके हैं, लेकिन वे आज तक हनीमून पर भी नहीं जा पाए हैं.
दोस्तों को देखकर होता है डिप्रेशन
शख्स का कहना है कि जब वह अपने कॉलेज के दोस्तों से बात करता है, तो उसे अक्सर खुद के पिछड़ जाने का अहसास होता है. उसके दोस्तों ने दो-दो फ्लैट खरीद रखे हैं, गाड़ियां हैं और वे बाली व मालदीव जैसी जगहों पर छुट्टियां मनाते हैं. इसके उलट जब उसकी पत्नी सोशल मीडिया से प्रेरित होकर महंगे मेकअप या फैंसी प्रोडक्ट्स खरीदती है, तो उसे गुस्सा आता है.
‘पैसे खर्च करने से लगता है डर’
शख्स ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा, मुझे अपनी बचत पर गर्व तो है, लेकिन मैं बहुत कंफ्यूज हूं. मैं अपनी वाइफ को एक अच्छी लाइफ देना चाहता हूं, पर पैसे खर्च करने से डर भी लगता है. उसके मन में हमेशा यही डर रहता है कि अगर उसने पैसे खर्च कर दिए, तो उसकी आर्थिक सुरक्षा खत्म हो जाएगी.
लोगों ने दी समझदारी भरी सलाह
इस वायरल पोस्ट पर रेडिट यूजर्स ने दिल जीतने वाले कमेंट्स किए हैं. एक यूजर ने लिखा, दूसरों से खुद की तुलना करना बंद करो, यही दुख की जड़ है. दूसरे यूजर ने कहा, 50 लाख बहुत बड़ी रकम है, थोड़ा खुद पर भी खर्च करना शुरू करो. जिंदगी का कोई भरोसा नहीं मेरे भाई. एक अन्य यूजर ने कमेंट किया, ऊपर देखोगे तो हमेशा दुखी रहोगे, नीचे देखोगे तो शुक्रिया करना सीखोगे.
30M, married, ₹50L net worth, no car, living on rent — why do I still feel financially behind?
by
u/Goal1LPM in
personalfinanceindia



















