बार्सिलोना में 3BHK के लिए ₹3.5 लाख Image Credit source: Instagram/ shivhexa.in
यूरोप में रहना कितना महंगा पड़ सकता है, इसका अंदाजा एक इंडियन फाउंडर के वीडियो से लगाया जा सकता है. स्पेन के बार्सिलोना में ठहरने के दौरान उन्होंने अपने 3BHK Airbnb अपार्टमेंट का वीडियो शेयर किया, जिसकी कीमत सिर्फ एक हफ्ते के लिए करीब 3.5 लाख रुपये थी. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भारत और यूरोप के किराए और रहने के खर्च को लेकर चर्चा शुरू हो गई.
इंस्टाग्राम पर शिव प्रताप सिंह ने अपने फॉलोअर्स को बार्सिलोना वाले अपार्टमेंट का पूरा टूर कराया. वीडियो की शुरुआत में उन्होंने भारत में बढ़ती महंगाई और किराए का जिक्र किया. इसके बाद उन्होंने बताया कि इस समय वह स्पेन के बार्सिलोना में हैं और यहां उन्होंने एक हफ्ते के लिए 3BHK अपार्टमेंट लिया है. इसके लिए उन्हें भारतीय मुद्रा में करीब 3.5 लाख रुपये चुकाने पड़े.
1 हफ्ते के लिए ₹3.5 लाख का किराया!
शिव ने सबसे पहले अपार्टमेंट का लिविंग रूम दिखाया. कमरे में सोफा, डाइनिंग टेबल और टीवी लगा हुआ था. इसके बाद वह किचन में पहुंचे. उन्होंने बताया कि किचन में रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए जरूरी कई चीजें मौजूद थीं. इसमें फ्रिज और ओवन जैसे उपकरण भी शामिल थे. हालांकि, खाने-पीने का सामान और बाकी ग्रॉसरी मेहमानों को खुद ही खरीदनी थी.
इसके बाद उन्होंने घर के तीनों बेडरूम दिखाए. कमरों में वार्डरोब के साथ पर्याप्त जगह भी नजर आई. उन्होंने अपार्टमेंट के बाथरूम भी कैमरे पर दिखाए और फिर घर की उस जगह पर पहुंचे, जिसने उनका खास ध्यान खींचा. यह थी अपार्टमेंट की बड़ी और खुली बालकनी. शिव ने बालकनी की जगह दिखाते हुए कहा कि यह काफी स्पेशियस है और यहां करीब 20 लोगों के लिए आराम से छोटा-मोटा गेट-टुगेदर किया जा सकता है. उनके मुताबिक, यहां टेबल लगाकर बैठने और दोस्तों के साथ समय बिताने के लिए अच्छी-खासी जगह है.
वीडियो के आखिर में शिव ने यूरोप और भारत में रहने के खर्च की तुलना करते हुए अपनी बात रखी. उनका कहना था कि अगर भारत में किसी को लगता है कि यहां महंगाई और किराए बहुत ज्यादा हैं, तो यूरोप के कई शहरों में खर्च उससे भी काफी ज्यादा महसूस हो सकता है.
यह भी पढ़ें: Viral: अजनबी ने खरीदा सिर्फ एक फल, मगर लौटाई एक बच्ची की मुस्कानइमोशनल कर देगा ये वीडियो
उन्होंने वीडियो के कैप्शन में लिखा कि बार्सिलोना में सिर्फ एक हफ्ते का किराया 3.5 लाख रुपये. क्या भारत वाकई इतना महंगा है? वीडियो पर लोगों की अलग-अलग रिएक्शन भी आने लगे. एक यूजर ने लिखा कि बार्सिलोना निश्चित तौर पर सस्ता शहर नहीं है. वहीं, एक अन्य व्यक्ति ने अपार्टमेंट की बड़ी बालकनी की तारीफ की. कुछ लोगों ने यूरोप में किराए को हैरान करने वाला बताया, जबकि एक यूजर ने बार्सिलोना को यूरोप के महंगे शहरों में शामिल बताया.
यहां देखिए वीडियो



















