viral

बोनट पर चढ़ी भालू, कार में छेद हो गया, बच्चे के लिए कार पर झपट पड़ी मां…डैशकैम में कैद हुआ खौफनाक वीडियो

भालू ने कार पर किया हमला Image Credit source: Getty Images

सोचिए, रात का वक्त है, आप सुनसान सड़क पर गाड़ी चला रहे हैं और अचानक सामने भालू आ जाए. वो भी अकेला नहीं, अपने बच्चे के साथ. जापान के होक्काइडो में एक ड्राइवर के साथ ठीक यही हुआ, और उसके बाद जो हुआ, उसने सबके रोंगटे खड़े कर दिए.

मामला 29 सितंबर की रात का है, होक्काइडो के बिफुका इलाके का. UPI की रिपोर्ट के मुताबिक, वहां की पुलिस ने अब इस घटना का डैशकैम वीडियो सबके सामने रखा है. फुटेज में सड़क किनारे दो भालू दिखते हैं. अंदाजा लगाया जा रहा है कि एक मादा भालू है और दूसरा उसका बच्चा. वीडियो की शुरुआत में सब कुछ शांत लगता है. दोनों भालू कार से दूर जा रहे होते हैं और ड्राइवर भी समझदारी दिखाते हुए गाड़ी धीरे से रोक देता है. लेकिन तभी बड़ी भालू अचानक पलटती है और सीधे कार की तरफ दौड़ पड़ती है.

जापान की सड़क पर दिखा भालू का रौद्र रूप

इसके बाद तो नजारा ही बदल गया. मां भालू उछलकर कार के बोनट पर चढ़ गई और पंजों व दांतों से उसे नोचने लगी. इतने से भी उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ. वह पीछे हटी और कई बार कार के अगले हिस्से में टक्कर मारी. कुछ देर तक यह तांडव चलता रहा, फिर वह अपने बच्चे को लेकर जंगल की तरफ चली गई. UPI की रिपोर्ट के अनुसार, कार को अच्छा-खासा नुकसान पहुंचा. बोनट पर खरोंचें और गड्ढे पड़ गए, और एक जगह तो छेद तक हो गया. राहत की बात ये रही कि अंदर बैठे ड्राइवर को खरोंच तक नहीं आई. स्थानीय खबरों में यह भी बताया गया है कि भालू को भी कोई चोट नहीं लगी.

पुलिस का कहना है कि यह इलाका भूरे भालुओं के प्राकृतिक ठिकाने के पास है, इसलिए वहां से गुजरने वाले ड्राइवरों को खास ध्यान रखने को कहा गया है. असल में जंगली जानवर, खासकर मांएं, अपने बच्चों को लेकर बेहद आक्रामक हो जाती हैं. उन्हें लगता है कि सामने वाला उनके बच्चे के लिए खतरा है, तो वे पलटकर वार कर देती हैं. यहां भी शायद यही हुआ. वैसे सितंबर-अक्टूबर के दौरान होक्काइडो में भालुओं को लेकर खास चौकसी की अवधि चल रही है. स्थानीय प्रशासन लोगों से कह रहा है कि भालुओं से दूरी बनाकर रखें और सतर्क रहें.

यह भी पढ़ें: Viral: आवारा कुत्तों ने किया पीछा तो शख्स ने अपनाया हैरान करने वाला जुगाड़, वीडियो देख दो गुटों में बंटे लोग

अगर पूरे जापान की बात करें, तो हालात और गंभीर दिखते हैं. अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के बीच देश में भालू के हमले के 230 मामले दर्ज हुए, जिनमें 13 लोगों की जान चली गई. इसके जवाब में अब तक करीब 14,000 भालू मारे जा चुके हैं. सरकार भालुओं को आम लोगों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा मान रही है और शिकार को बढ़ावा दे रही है. उसका लक्ष्य है कि 2030 तक कई प्रांतों में भालुओं की आबादी 30% से ज्यादा घटा दी जाए, तो अगली बार किसी जंगली इलाके से गुजरें और सड़क पर जानवर दिख जाए, तो याद रखिए: गाड़ी रोकिए, शांत रहिए और बिल्कुल सावधानी से काम लीजिए.

यहां देखिए वीडियो

आयुष कुमार

आयुष कुमार

आयुष कुमार, टीवी9 डिजिटल में सीनियर सब एडिटर हैं. अशोक और चाणक्य की धरती बिहार से हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की तालीम हासिल की है. पत्रकारिता में तीन साल से तिल को बिना ताड़ बनाए किसी भी सोशल मुद्दे को 360 डिग्री समझाने की कोशिश करते हैं. अमर उजाला, फिरकी डॉट इन से अपने पत्रकारीय सफर की शुरुआत की है. पाठकों तक सरल शब्दों में खबरें पहुंचाना उद्देश्य रहा है. लेखन की इस दुनिया में दिलचस्पी इसलिए बढ़ गई, क्योंकि बचपन से ही काफी ज्यादा बातूनी रहे हैं. फिलहाल, टीवी9 में फीचर राइटिंग करते हुए सोशल मीडिया की नब्ज पकड़ने में माहिर हो गए है. अजीबोगरीब खबरों को गजब तरीके से लिखकर आप सबके सामने पेश करते हैं.

Read More

What's your reaction?

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts