टाइगर के हमले से हुई शख्स की मौतImage Credit source: AI
इंग्लैंड के यॉर्कशायर वाइल्डलाइफ पार्क में एक दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां बाघ के बाड़े में घुसे एक शख्स पर जानवर ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. साउथ यॉर्कशायर पुलिस ने शनिवार को इस घटना की जानकारी दी. फिलहाल मरने वाले बंदे की जानकारी पब्लिक नहीं की गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर शख्स बाघ के बाड़े में कैसे पहुंचा.
पुलिस के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब 1:35 बजे अधिकारियों को सूचना मिली कि डोनकास्टर के पास स्थित यॉर्कशायर वाइल्डलाइफ पार्क में एक व्यक्ति बाघ के बाड़े के अंदर चला गया है. वहां मौजूद बाघ ने उस पर हमला कर दिया, जिसमें उसे गंभीर चोटें आईं. घटना की जानकारी मिलते ही इमरजेंसी सर्विस टीम मौके पर पहुंची. मेडिकल स्टाफ ने शख्स को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी. अधिकारियों ने उसे घटनास्थल पर ही मरा हुआ घोषित कर दिया.
पार्क में हुआ दर्दनाक हादसा
साउथ यॉर्कशायर पुलिस ने अपने बयान में कहा कि इस घटना से मृतक के परिवार को गहरा सदमा पहुंचा है. परिवार को घटना की जानकारी दे दी गई है और विशेष अधिकारियों की टीम उन्हें इस मुश्किल समय में मदद दे रही है. हालांकि, पुलिस ने अभी तक मृतक की उम्र, नाम या उसके बाड़े में जाने के पीछे की वजह के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है.
घटना के बाद सोशल मीडिया पर बाघ की हालत को लेकर कई तरह की चर्चाएं होने लगीं. इस पर पुलिस ने साफ किया कि हमले में बाघ को कोई चोट नहीं आई है. वो घटना के बाद भी अपने बाड़े के अंदर ही मौजूद था. पुलिस के अनुसार, इस घटना से आम लोगों को कोई व्यापक खतरा नहीं है. पुलिस ने सोशल मीडिया पर घटना के वीडियो शेयर किए जाने पर भी चिंता जताई है. अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे इस दर्दनाक घटना के वीडियो आगे न फैलाएं. ऐसे फुटेज से मृतक के परिवार को और परेशानी हो सकती है.
घटना के तुरंत बाद यॉर्कशायर वाइल्डलाइफ पार्क को खाली करा लिया गया. पार्क प्रबंधन ने बताया कि सुरक्षा से जुड़े इमरजेंसी नियमों के तहत तुरंत कार्रवाई की गई और संबंधित सेवाओं को मौके पर बुलाया गया. घटना के बाद पार्क को बंद रखने का फैसला किया गया है. मैनेजमेंट के मुताबिक, पार्क रविवार तक बंद रहेगा.
यह भी पढ़ें: पंजाबी गाने की धुन पर जमकर थिरकी लड़की, एक्सप्रेशन देख लोग हुए इम्प्रेस, वीडियो वायरल होते ही होने लगी तारीफ
पार्क की ओर से जारी बयान में कहा गया कि वहां आने वाले लोगों, कर्मचारियों और जानवरों की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता है. प्रबंधन घटना की पूरी जानकारी जुटाने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है. फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि शख्स बाघ के बाड़े में किन स्थितियों में पहुंचा था. पुलिस और संबंधित अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं. जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़ी बाकी जानकारियां सामने आ सकेंगी.
यहां देखिए वीडियो
ये खौफनाक वीडियो है… ब्रिटेन के एक जू में आदमी बाघ के सामने कूद गया https://t.co/DSQno9Gkrr
— Viral Beast (@kumarayush084) October 11, 2026



















