अभी डायपर पहनने की उम्र, चेहरे पर घनी मूंछें! बच्चे का वीडियो देख बोले लोग, ‘ये तो रिटायर होकर आया है’

मूंछों के साथ पैदा हुआ बच्चा

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक नवजात बच्चे का वीडियो खूब वायरल हो रहा है. वीडियो में बच्चे के होंठों के ऊपर काले बाल दिखाई दे रहे हैं, जो देखने में बिल्कुल किसी बड़ी-बड़ी मूंछों जैसे लगते हैं. इतना ही नहीं, उसके गालों पर भी काले बाल नजर आते हैं. वीडियो सामने आने के बाद लोग हैरान हैं कि आखिर कोई बच्चा पैदा होते ही इतनी घनी मूंछों के साथ कैसे आ सकता है? सोशल मीडिया पोस्ट के मुताबिक, यह वीडियो इक्वाडोर का बताया जा रहा है.

वीडियो देखने के बाद कुछ लोग हंस रहे हैं, तो कुछ इसकी सच्चाई जानना चाहते हैं. कई यूजर्स ने मजाक में कहा कि बच्चा पैदा होते ही अंकल बन गया है. लेकिन सवाल यह है कि क्या नवजात के चेहरे पर सचमुच इतनी घनी मूंछें हो सकती हैं, या फिर वीडियो में कोई तकनीकी खेल किया गया है?

AI से बनाई गई हैं बच्चे की मूंछें?

मेडिकल साइंस के मुताबिक, कुछ बच्चों के शरीर पर जन्म के समय बेहद पतले और मुलायम बाल मौजूद होते हैं. इन्हें लैनुगो (Lanugo) कहा जाता है. ये बाल गर्भ में बच्चे के विकास के दौरान आते हैं और आमतौर पर जन्म के बाद धीरे-धीरे अपने आप गायब हो जाते हैं.

ऐसे बाल बच्चे की पीठ, कंधों, कानों और चेहरे पर भी दिखाई दे सकते हैं. इसलिए नवजात के शरीर पर बाल होना अपने आप में कोई असामान्य बात नहीं है. हालांकि, लैनुगो के बाल आमतौर पर बहुत महीन और हल्के रंग के होते हैं. वे वीडियो में दिख रही घनी, साफ आकार वाली मूंछों जैसे नहीं होते. इस खास वीडियो को किसी वास्तविक मेडिकल केस से जोड़ने वाला भी कोई भरोसेमंद प्रमाण सामने नहीं आया है.

वीडियो वायरल होते ही कमेंट सेक्शन में मजेदार प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई. एक यूजर ने लिखा कि भाई ने किंडरगार्टन छोड़कर सीधे मिडलाइफ क्राइसिस में एंट्री मार ली. दूसरे ने मजाक में कहा कि ये तो पैदा ही रिटायर होकर हुआ है, तीन बच्चे और दो होम लोन भी होंगे. वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा कि अभी दो घंटे का हुआ है और 9 से 5 वाली मैनेजमेंट जॉब से परेशान लग रहा है.

मजाक यहीं नहीं रुका. लोगों ने बच्चे की तस्वीरों को एडिट करके कई फनी मीम्स भी बना दिए. एक एडिट में बच्चे को मेडल और सुनहरी किनारी वाली सैन्य वर्दी पहनाकर ‘सुप्रीम लीडर’ की कुर्सी पर बैठा दिखाया गया. दूसरी तस्वीर में वह बिजनेस ब्लेजर पहने और मुंह में सिगार दबाए नजर आया. किसी ने उसे मारियो का कॉस्ट्यूम पहना दिया, तो किसी ने हान योद्धा की तरह हेलमेट और कवच में दिखाया.

यह भी पढ़ें: जिस खतरे के बारे में लोगों को आगाह कर रहे थे रिपोर्टर, उसी की चपेट में आ गई पूरी टीम!

वीडियो को लेकर सामने आई रिपोर्ट्स में डिजिटल एडिटिंग की आशंका जताई गई है. क्लिप में बच्चे के सिर और चेहरे की हलचल के साथ मूंछों का तालमेल स्वाभाविक नहीं लगता. बच्चे के हिलने पर बालों के आसपास हल्का झिलमिलाना या गड़बड़ी भी दिखाई देने की बात कही गई है. इसके अलावा, मूंछों की रोशनी और बनावट भी चेहरे पर पड़ रही असली रोशनी से मेल नहीं खाती. इस मामले में अब तक किसी अस्पताल की पुष्टि, डॉक्टर का बयान, मेडिकल रिकॉर्ड या परिवार की पहचान सामने नहीं आई है. ऐसे में यह दावा करना सही नहीं होगा कि वीडियो पूरी तरह असली है या पूरी तरह नकली.

यहां देखिए वीडियो

आयुष कुमार

आयुष कुमार, टीवी9 डिजिटल में सीनियर सब एडिटर हैं. अशोक और चाणक्य की धरती बिहार से हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की तालीम हासिल की है. पत्रकारिता में तीन साल से तिल को बिना ताड़ बनाए किसी भी सोशल मुद्दे को 360 डिग्री समझाने की कोशिश करते हैं. अमर उजाला, फिरकी डॉट इन से अपने पत्रकारीय सफर की शुरुआत की है. पाठकों तक सरल शब्दों में खबरें पहुंचाना उद्देश्य रहा है. लेखन की इस दुनिया में दिलचस्पी इसलिए बढ़ गई, क्योंकि बचपन से ही काफी ज्यादा बातूनी रहे हैं. फिलहाल, टीवी9 में फीचर राइटिंग करते हुए सोशल मीडिया की नब्ज पकड़ने में माहिर हो गए है. अजीबोगरीब खबरों को गजब तरीके से लिखकर आप सबके सामने पेश करते हैं.

Read More

Exit mobile version