डीएलएफ कमेलियास का वीडियो वायरलImage Credit source: Instagram/@madsjvlogs
शार्क टैंक इंडिया के पूर्व जज और बिजनेसमैन अशनीर ग्रोवर (Ashneer Grover) अपने बेबाक अंदाज के लिए हमेशा चर्चा में रहते हैं. हाल ही में उन्होंने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने 100 करोड़ रुपए से ज्यादा कीमत वाली एक बेहद आलीशान रेजिडेंशियल सोसायटी और उसके क्लब हाउस का टूर कराया है. इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर एक बार फिर से लग्जरी लाइफस्टाइल को लेकर बहस छिड़ गई है. वीडियो में दिख रही सुविधाएं इतनी शानदार हैं कि लोग हैरान हैं, लेकिन साथ ही नेटिजन्स का कहना है कि इसके दाम कुछ ज्यादा ही ज्यादा हैं.
अंदर से किसी फाइव-स्टार्ट होटल से कम नहीं है यह इलाका
अशनीर ग्रोवर ने गुरुग्राम की मशहूर सोसायटी ‘डीएलएफ कमेलियास’ (DLF Camellias) का एक डिटेल वीडियो दिखाया है. इस लग्जरी प्रोजेक्ट में एक अपार्टमेंट की कीमत ही 100 करोड़ रुपए से ऊपर है. वीडियो में उन्होंने दिखाया कि इस इलाके की बनावट और साफ-सफाई बिल्कुल भारत जैसी महसूस नहीं होती, बल्कि यह किसी विदेशी हसीन शहर की तरह लगती है. यही वजह है कि यहां लोग करोड़ों रुपए सिर्फ प्राइवेसी और बेहतरीन इकोसिस्टम के लिए खर्च करते हैं.
स्नो रूम से लेकर प्राइवेट थिएटर तक, हैरान करने वाली सुविधाएं
इस प्रोजेक्ट के क्लब हाउस में ऐसी लग्जरी सुविधाएं हैं जिनके बारे में आम लोग सोच भी नहीं सकते. अशनीर ने अपने टूर वीडियो में इसे दिखाया है. यहां हॉट और कोल्ड थेरेपी के लिए खास स्नो रूम, सॉना बाथ और ट्रॉपिकल शॉवर जैसी सुविधाएं हैं. इसके अलावा यहां एक प्राइवेट मूवी थिएटर भी है, जिसे दुनिया के सबसे बेहतरीन थिएटरों में गिना जाता है. मस्ती और पार्टी के लिए यहां बॉलिंग Alley, कराओके लाउंज, बड़ा बार, पूल टेबल और पोकर रूम भी है. साथ ही यहां टहलने के लिए 1 किलोमीटर से भी लंबा लीनियर पार्क और चारों तरफ हरियाली है, जिसके लिए बहुत सारे माली दिन-रात काम करते हैं.
लोग बोले- ‘सुविधाएं गजब की हैं, पर कीमत बेहिसाब’
अशनीर ग्रोवर ने खुद कहा कि उन्हें यह जगह और इसका सेटअप पूरी तरह से कीमत के हिसाब से सही लगता है, क्योंकि यहां मिलने वाला सुकून और प्राइवेसी बेजोड़ है. हालांकि, जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ, सोशल मीडिया यूजर्स ने इस पर मजेदार और हैरान करने वाले रिएक्शन देना शुरू कर दिए. कई लोगों का मानना है कि चाहे सुविधाएं दुनिया की सबसे बेहतरीन क्यों न हों, लेकिन एक घर या फ्लैट के लिए 100 करोड़ रुपए खर्च करना जरूरत से ज्यादा महंगा सौदा है.
