पार्सलों का पहाड़ देखकर उठे सवाल,Image Credit source: x/@Nishantchant
नवरात्रि और डांडिया का सीजन आते ही लोग नए कपड़े खरीदते हैं. कोई खूबसूरत लहंगा पहनना चाहता है, तो कोई ट्रेडिशनल कुर्ते और चनिया-चोली में त्योहार का मजा लेना चाहता है. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि कुछ लोग त्योहार पर कपड़े पहनने के बाद उन्हें वापस भी कर देते हैं? सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने इसी मुद्दे को लेकर नई बहस छेड़ दी है. वीडियो में कपड़ों के ऑनलाइन रिटर्न के इतने सारे पैकेट नजर आ रहे हैं कि उन्हें देखकर लोग हैरान हैं.
दरअसल, X पर निशांत चांट नाम के यूजर ने एक वीडियो शेयर किया है. इसमें एक रिहायशी परिसर में ऑनलाइन शॉपिंग के ढेर सारे पार्सल इकट्ठा किए जाते दिखाई दे रहे हैं. परिसर में एक शटर के नीचे पैकेटों का बड़ा ढेर लगा है. बाहर खुले हिस्से में भी जगह-जगह पार्सल बिखरे नजर आते हैं. इन पैकेटों पर शिपिंग लेबल और बारकोड लगे हुए हैं, जिससे पता चलता है कि इन्हें ऑनलाइन डिलीवरी से जुड़ी प्रक्रिया के तहत संभाला जा रहा है.
डांडिया खत्म, अब कपड़ों की वापसी!
वीडियो में आगे एक बड़ा गुलाबी बैग दिखाया जाता है, जिसके अंदर भी कई पार्सल भरे हुए हैं. सफेद बोरियों में पैक सामान को एक जगह से दूसरी जगह ले जाया जा रहा है. बिल्डिंग के आसपास बने रास्तों पर भी सीलबंद पैकेटों के ढेर नजर आते हैं. पार्सलों की इतनी बड़ी संख्या देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि वहां कपड़ों के काफी सारे रिटर्न इकट्ठा किए गए हैं.
इसी नजारे को देखकर सोशल मीडिया पर लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए. कई यूजर्स को शक है कि कुछ लोगों ने नवरात्रि और डांडिया कार्यक्रमों में पहनने के लिए कपड़े खरीदे होंगे और त्योहार खत्म होने के बाद उन्हें वापस कर दिया होगा. हालांकि, वीडियो में मौजूद सभी पार्सल किस सामान के हैं और उन्हें लौटाने की असली वजह क्या है, इसक पुष्टि नहीं हुई है.
वीडियो के साथ शेयर किए गए कैप्शन में लिखा था कि डांडिया खत्म… ड्रेस रिटर्न. बेशर्म पीढ़ी.’ इस कैप्शन ने लोगों का ध्यान खींचा और देखते ही देखते यह वीडियो चर्चा का विषय बन गया. कमेंट सेक्शन में कई लोगों ने इस कथित ट्रेंड पर नाराजगी जाहिर की. कुछ यूजर्स का कहना है कि अगर लोग सिर्फ एक-दो कार्यक्रमों में पहनने के लिए कपड़े खरीदकर बाद में लौटा देते हैं, तो इसका नुकसान उन दुकानदारों और छोटे कारोबारियों को उठाना पड़ सकता है, जो हर ऑर्डर को तैयार करने, पैक करने और वापस आने वाले सामान को संभालने में समय और पैसा लगाते हैं.
एक यूजर ने इस बात पर भी सवाल उठाया कि जहां कई लोग त्योहारों के लिए नए कपड़े खरीदने का खर्च नहीं उठा पाते, वहीं कुछ लोग सिर्फ दिखावे के लिए कपड़े खरीदकर वापस करने का रास्ता चुन सकते हैं. दूसरे यूजर ने तंज कसते हुए कहा कि शायद ऐसी ही आदतों की वजह से कंपनियां रिटर्न के लिए 24 घंटे जैसी छोटी समय-सीमा तय करने लगी हैं. वहीं, कुछ लोगों ने विक्रेताओं की मेहनत और उनके खर्चों को नजरअंदाज करने पर नाराजगी जताई.
यह भी पढ़ें: दीदी के डांस में दिखा गजब का कॉन्फिडेंस, साड़ी में लगाए ऐसे ठुमके तो देखते रह गए लोग
फिलहाल, इस वीडियो ने ऑनलाइन शॉपिंग और कपड़ों के रिटर्न को लेकर एक बड़ी बहस जरूर शुरू कर दी है. सवाल सिर्फ कपड़े खरीदने या वापस करने का नहीं, बल्कि इस बात का भी है कि क्या अपनी सुविधा के लिए किसी दूसरे की मेहनत और नुकसान को नजरअंदाज करना सही है?
यहां देखिए वीडियो
Dandiya khatam … Dress return
Shameless generation https://t.co/Jzqye1WZeV
— Nishant (@Nishantchant) October 16, 2026



















