viral

जान हथेली पर रखकर ड्राइविंग! गहरी खाई, टूटी सड़क और दो पाइप… फिर भी पार हुई बोलेरो पिकअप

पहाड़ पर खौफनाक जुगाड़,Image Credit source: X/@shyamyadavsp95

सोशल मीडिया का तो यही हाल है, एक से बढ़कर एक वीडियो हर रोज सामने आ जाते हैं. कुछ को देखकर हंसी आती है तो कुछ को देखकर कुछ सेकंड के लिए आंखों पर यकीन ही नहीं होता. अभी ऐसा ही एक वीडियो इंटरनेट पर आग की तरह फैल रहा है, जिसे देखकर हर किसी की सांसें थम सी रही हैं.

वीडियो में एक सफेद बोलेरो पिकअप का ड्राइवर ऐसा कारनामा करता दिख रहा है, जिसे देखकर अच्छे-अच्छों के पसीने छूट जाएं. लोग दो गुटों में बंट गए हैं. कुछ लोग कमेंट में ड्राइवर को उस्ताद बता रहे हैं, उसकी ड्राइविंग को सलाम कर रहे हैं, तो वहीं दूसरा गुट कह रहा है कि भाई ये हुनर नहीं, सीधा-सीधा मौत के साथ खिलवाड़ है.

जुगाड़ से किया खेल

वीडियो किसी पहाड़ी इलाके का है. सामने का नजारा देखकर ही डर लगने लगता है. एक कच्चा-पक्का पहाड़ी रास्ता, जिसका बीच का पूरा हिस्सा टूटकर खत्म हो चुका है. नीचे झांको तो गहरी खाई और उसमें तेज बहता हुआ पानी. ऐसी जगह से तो पैदल निकलना भी मुश्किल लगे, गाड़ी निकालना तो दूर की बात है, लेकिन यहीं पर सबसे ज्यादा हैरान करने वाली चीज दिखती है. सड़क के टूटे हुए दो हिस्सों को जोड़ने के लिए वहां किसी ने जुगाड़ से दो पतली-पतली लोहे की गोल पाइपें रख दी हैं. बस, यही दो पाइपें उस वक्त पुल का काम कर रही हैं.

इसी पर से वो बोलेरो पिकअप वाला निकालने की तैयारी करता है. वीडियो देखकर दिल मुंह को आ जाता है. ड्राइवर बड़ी हिम्मत करके गाड़ी को धीरे-धीरे उन दो पाइपों पर चढ़ाता है. गाड़ी के चारों पहिए सिर्फ उन दो संकरी पाइपों पर टिके हुए हैं. जरा सी भी स्टेयरिंग इधर-उधर हुई नहीं कि सीधा नीचे खाई में. सबसे खतरनाक बात ये कि वहां गलती सुधारने का कोई चांस ही नहीं है. दोनों तरफ मौत का कुआं. वीडियो में आसपास कुछ लोग और मजदूर भी खड़े दिख रहे हैं, जो हाथ के इशारे से ड्राइवर को बता रहे हैं कि थोड़ा बायें, थोड़ा दायें. ड्राइवर भी पूरी होशियारी दिखा रहा है. कोई हड़बड़ी नहीं, कोई ओवर कॉन्फिडेंस नहीं. एक-एक इंच गाड़ी को नाप-नाप कर आगे बढ़ा रहा है.

जो भी इस वीडियो को देख रहा है, उसकी धड़कनें तेज हो जाती हैं. करीब एक मिनट तक ये आंखों में डर भर देने वाला सीन चलता है और फिर आखिरकार, ड्राइवर गाड़ी को सही-सलामत दूसरी तरफ निकाल ले जाता है. जैसे ही गाड़ी दूसरे किनारे पर पहुंचती है, देखने वालों की जान में जान आती है.

यह भी पढ़ें: Viral Video: स्लो साइकिल रेस का नया हीरो! एक जगह साइकिल रोकने की ट्रिक से जीता दिल, पैर बिना जमीन पर लगाए सबसे देर तक टिका रहा

ये वीडियो X पर @shyamyadavsp95 नाम के एक यूजर ने शेयर किया है. अपलोड होते ही वीडियो मिलियन्स में पहुंच गया. कमेंट सेक्शन में बहस छिड़ी हुई है. एक यूजर ने लिखा कि मानना पड़ेगा, ड्राइवर के हाथ में जादू है. तो दूसरे ने लिखा कि ये बहादुरी नहीं बेवकूफी है, जान से बढ़कर कुछ नहीं होता. एक बार गाड़ी फिसलती तो क्या होता?

यहां देखिए वीडियो

आयुष कुमार

आयुष कुमार

आयुष कुमार, टीवी9 डिजिटल में सीनियर सब एडिटर हैं. अशोक और चाणक्य की धरती बिहार से हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की तालीम हासिल की है. पत्रकारिता में तीन साल से तिल को बिना ताड़ बनाए किसी भी सोशल मुद्दे को 360 डिग्री समझाने की कोशिश करते हैं.

अमर उजाला, फिरकी डॉट इन से अपने पत्रकारीय सफर की शुरुआत की है. पाठकों तक सरल शब्दों में खबरें पहुंचाना उद्देश्य रहा है. लेखन की इस दुनिया में दिलचस्पी इसलिए बढ़ गई, क्योंकि बचपन से ही काफी ज्यादा बातूनी रहे हैं. फिलहाल, टीवी9 में फीचर राइटिंग करते हुए सोशल मीडिया की नब्ज पकड़ने में माहिर हो गए है. अजीबोगरीब खबरों को गजब तरीके से लिखकर आप सबके सामने पेश करते हैं.Read More



What's your reaction?

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts