viral

दिल्ली के अस्पताल में दवा मांगने पर स्टाफ ने की बदसलूकी, कहा- पोछा सूखेगा तभी मिलेगी मेडिसिन

दवाई के लिए लाइन में मरीजImage Credit source: Instagram/voice.of.youths1

दिल्ली के द्वारका सेक्टर-9 स्थित इंदिरा गांधी अस्पताल से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने दिल्ली सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं. अक्सर सरकारी अस्पतालों में मरीजों को इलाज और दवाइयों के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है, लेकिन इस बार वजह ऐसी बताई गई जिसे सुनकर वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए.

बताया जा रहा है कि बुधवार (29 जुलाई 2026) की सुबह करीब 10:10 बजे अस्पताल के जन औषधि केंद्र पर कई मरीज और उनके घरवाले दवाइयां लेने के लिए लाइन में खड़े थे. करीब 15 मिनट बीत चुके थे, लेकिन काउंटर पर बैठे कर्मचारी दवा देने की बजाय खाली बैठे रहे. लाइन लगातार बढ़ती जा रही थी और मरीज इंतजार करते रहे, लेकिन किसी को यह नहीं बताया गया कि आखिर देरी क्यों हो रही है. इसी दौरान लाइन में खड़े एक मरीज ने बेहद विनम्रता से पूछा कि दवा मिलने में अभी कितना समय लगेगा. इस सवाल पर कर्मचारी ने मदद करने के बजाय रूखे अंदाज में जवाब दिया कि “दिख नहीं रहा? अभी फर्श पर पोछा लगा है. जब सूख जाएगा, तभी दवा मिलेगी.

क्यों वीडियो देख भड़क गए लोग?

ये जवाब सुनकर लोग हैरान रह गए. मरीज मजबूरी में वहीं खड़े होकर पोछा सूखने का इंतजार करते रहे. करीब 10 मिनट और बीत गए, लेकिन दवा बांटना शुरू नहीं हुआ. जब लोगों ने दोबारा पूछा कि आखिर और कितना इंतजार करना पड़ेगा, तो कर्मचारी का व्यवहार और भी आक्रामक हो गया. उसने ऊंची आवाज में कहा कि अभी दवा नहीं मिलेगी और कम से कम आधा घंटा और लगेगा.

जब कुछ लोगों ने यह जानना चाहा कि पोछा सूखने और दवा बांटने का आपस में क्या संबंध है, तो कर्मचारी नाराज हो गया और बहस करने लगा. वहां मौजूद मरीजों का कहना है कि स्टाफ ने उनकी बात सुनने के बजाय उल्टा उन्हें ही डांटना शुरू कर दिया. मामला तब और बढ़ गया जब एक मरीज ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया. वीडियो बनता देख कर्मचारी अपना आपा खो बैठे. आरोप है कि उन्होंने मरीज को दवा देने से साफ इनकार कर दिया. इतना ही नहीं, अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और मरीज के साथ हाथापाई करने की भी कोशिश की.

यह भी पढ़ें: OMG! ये बिल्ली बन सकती है दुनिया की सबसे उम्रदराज कैट, 31 साल है ऐजमालिक ने बताया लंबी उम्र का राज

इस घटना के बाद अस्पताल पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों में काफी नाराजगी देखने को मिली. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. लोग इसे शेयर कर संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों और दिल्ली सरकार का ध्यान इस मामले की ओर आकर्षित करने की कोशिश कर रहे हैं. अब सभी की नजर इस बात पर है कि शिकायत के बाद प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है.

यहां देखिए वीडियो

आयुष कुमार

आयुष कुमार

आयुष कुमार, टीवी9 डिजिटल में सीनियर सब एडिटर हैं. अशोक और चाणक्य की धरती बिहार से हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की तालीम हासिल की है. पत्रकारिता में तीन साल से तिल को बिना ताड़ बनाए किसी भी सोशल मुद्दे को 360 डिग्री समझाने की कोशिश करते हैं.

अमर उजाला, फिरकी डॉट इन से अपने पत्रकारीय सफर की शुरुआत की है. पाठकों तक सरल शब्दों में खबरें पहुंचाना उद्देश्य रहा है. लेखन की इस दुनिया में दिलचस्पी इसलिए बढ़ गई, क्योंकि बचपन से ही काफी ज्यादा बातूनी रहे हैं. फिलहाल, टीवी9 में फीचर राइटिंग करते हुए सोशल मीडिया की नब्ज पकड़ने में माहिर हो गए है. अजीबोगरीब खबरों को गजब तरीके से लिखकर आप सबके सामने पेश करते हैं.Read More



What's your reaction?

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts