टैक्सी ड्राइवर की मोटिवेशनल कहानी Image Credit source: Getty Images
सुबह के करीब 5 बजे का वक्त था. सड़क लगभग खाली थी और मैनेजमेंट कंसल्टेंट तुषार जेजानी एयरपोर्ट जाने के लिए एक टैक्सी में बैठे. उन्हें लगा था कि यह रोजमर्रा की तरह एक सामान्य सफर होगा, लेकिन कुछ ही देर में यह छोटी-सी यात्रा उनके लिए जिंदगी का एक बड़ा सबक बन गई.
टैक्सी में बैठने के कुछ समय बाद तुषार ने देखा कि ड्राइवर फोन पर किसी से फर्राटेदार अंग्रेजी में बात कर रहा है. वह अपने सुबह के रूटीन और इस समय वे कहां पहुंच चुके हैं, जैसी बातें बता रहा था. सुबह का इतना जल्दी का वक्त और ड्राइवर की बातचीत सुनकर तुषार थोड़ा असहज हो गए. उन्हें लगा कि कहीं ड्राइवर किसी अनजान शख्स के साथ उनकी लोकेशन या निजी जानकारी तो शेयर नहीं कर रहा.
ड्राइवर से पूछ ली ये बात?
शायद ड्राइवर ने उनके चेहरे पर चिंता देख ली थी. उसने खुद ही बातचीत शुरू कर दी और पूछा कि तुषार का सफर काम के सिलसिले में है या घूमने के लिए. इसके बाद दोनों के बीच करीब दस मिनट तक बातचीत होती रही. खास बात यह थी कि ड्राइवर अंग्रेजी में बात कर रहा था, जबकि तुषार उसे हिंदी में जवाब दे रहे थे. कुछ देर बाद तुषार से रहा नहीं गया. उन्होंने ड्राइवर से पूछ ही लिया कि आखिर वह फोन पर किससे बात कर रहा था.
ड्राइवर ने जो जवाब दिया, उसने तुषार को हैरान कर दिया. उसने बताया कि वह किसी इंसान से बात नहीं कर रहा था. दरअसल, वह ChatGPT की मदद से अंग्रेजी बोलने और सही उच्चारण की प्रैक्टिस कर रहा था. फिर ड्राइवर ने अपनी कहानी बताई. हाल ही में वह एक बेटी का पिता बना था और चाहता था कि जब उसकी बेटी बड़ी हो तो वह उसे अंग्रेजी अच्छी तरह सिखा सके. उसका सपना सिर्फ खुद अंग्रेजी सीखने तक सीमित नहीं था. वह अपनी बेटी को जिंदगी की बेहतर शुरुआत देना चाहता था, ताकि आगे चलकर उसके पास ज्यादा मौके हों.
AI ने बदल दी जिंदगी
तुषार के लिए यह बात बेहद खास थी. उन्हें महसूस हुआ कि यह ड्राइवर बिना किसी महंगे कोचिंग सेंटर या बड़े संसाधनों के अपने बच्चे के भविष्य की नींव मजबूत करने की कोशिश कर रहा था. उसके पास बस एक स्मार्टफोन, सीखने की इच्छा और अपनी बेटी के लिए कुछ बेहतर करने का जज्बा था. इस घटना ने तुषार को यह सोचने पर मजबूर कर दिया कि टेक्नोलॉजी का असली असर सिर्फ बड़ी कंपनियों या प्रोफेशनल्स तक सीमित नहीं है. AI जैसी तकनीक आम लोगों के लिए भी सीखने और आगे बढ़ने का रास्ता खोल रही है.
यह भी पढ़ें: पहले केक काटा, फिर मची लूट! पाकिस्तान में स्वतंत्रता दिवस पर केक लेने के लिए मची अफरा-तफरी, वीडियो देख लोग बोले- ये कैसी हरकत है?
आज जब अक्सर यह चर्चा होती है कि टेक्नोलॉजी कितनी नौकरियां खत्म कर सकती है, उस सुबह की यह छोटी-सी मुलाकात एक अलग तस्वीर दिखाती है. सही तरीके से इस्तेमाल की जाए तो टेक्नोलॉजी किसी की जगह लेने के बजाय किसी की जिंदगी की शुरुआत को बेहतर बना सकती है. उस टैक्सी ड्राइवर के लिए ChatGPT सिर्फ एक ऐप नहीं था. वह अपनी बेटी के भविष्य को थोड़ा और बेहतर बनाने का एक छोटा, लेकिन बेहद महत्वपूर्ण जरिया था.



























