पहली फ्लाइट का वायरल वीडियोImage Credit source: Instagram/@aatmajkapoor
हवाई जहाज में सफर करना आज भी देश के करोड़ों लोगों के लिए किसी सपने के सच होने जैसा है. जब कोई पहली बार आसमान की बुलंदियों को छूने निकलता है, तो उसके चेहरे पर जो मासूम खुशी होती है, वह देखने लायक होती है. हाल ही में सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही दिल को छू लेने वाला वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे देखकर आपकी आंखों में भी खुशी के आंसू आ जाएंगे.
आत्मज कपूर का दिल जीतने वाला वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को कंटेंट क्रिएटर आत्मज कपूर ने शूट किया है. वीडियो की शुरुआत में आत्मज फ्लाइट में बैठे एक सहयात्री की सीट बेल्ट बांधने में मदद करते नजर आते हैं. जब उन्होंने प्यार से पूछा कि क्या यह आपकी पहली फ्लाइट है, तो उस शख्स के चेहरे पर जो मुस्कान आई, उसने सबका दिल जीत लिया. वह खुशी साफ बता रही थी कि उनके लिए यह पल कितना खास और मायने रखता है.
खिड़की वाली सीट और अनमोल मुस्कान
यात्री की बेइंतहा खुशी को देखकर आत्मज ने एक बेहद प्यारा कदम उठाया. उन्होंने अपनी विंडो सीट उस शख्स को ऑफर कर दी. खिड़की के पास बैठते ही उस मुसाफिर की आंखें चमक उठीं और वे पूरे सफर के दौरान आसमान और बादलों को एकटक निहारते रहे. आत्मज ने वीडियो में साझा किया कि इस पल ने उन्हें खुद की अनगिनत उड़ानों के लिए बेहद ग्रेटफुल महसूस कराया. यात्रा खत्म होने पर दोनों ने गर्मजोशी से हाथ मिलाकर विदा ली.
सोशल मीडिया पर उमड़ी यादों की बाढ़
यह वीडियो सामने आने के बाद इंटरनेट यूजर्स भावुक हो गए हैं. लोग अपने-अपने पहला फ्लाइट अनुभव साझा कर रहे हैं. कई यूजर्स ने बताया कि कैसे किसी अजनबी ने उनकी पहली यात्रा पर अपनी खिड़की वाली सीट उन्हें दे दी थी, जो आज भी उनके दिल के करीब है.
यहां देखिए वायरल वीडियो

अभिषेक राय
अभिषेक राय (Abhishek Roy) अभी TV9 भारतवर्ष के डिजिटल विंग में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (Assistant News Editor) हैं. पत्रकारिता में उन्हें 14 साल से ज्यादा का अनुभव है और इस फील्ड में उनकी अपनी एक अलग पहचान है. अपने करियर में उन्होंने कई बड़े मीडिया संस्थानों में काम किया है.
शुरुआत में वे भोपाल के ‘पीपुल्स समाचार’ अखबार (Peoples Samachar) से जुड़े. यहां उन्होंने प्रिंट मीडिया का काम सीखा. इसके बाद वे दैनिक भास्कर (Dainik Bhaskar) ग्रुप में लंबे समय तक रहे. खास बात ये कि उन्होंने भास्कर के अखबार और वेबसाइट, दोनों जगह काम किया. इससे उन्हें पुरानी और नई, दोनों तरह की पत्रकारिता का अनुभव मिला. अभिषेक ने अहमदाबाद के ‘जानो दुनिया’ (Jano Duniya) न्यूज चैनल में भी काम किया. यहां उन्होंने टीवी मीडिया में अपनी काबिलियत दिखाई.
अभिषेक को राजनीति और विदेशी मामलों की अच्छी समझ है. वे राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय राजनीतिक घटनाक्रमों और वैश्विक कूटनीति को बहुत ही बारीकी से समझते हैं. हालांकि, वर्तमान में डिजिटल मीडिया की बदलती मांग को देखते हुए वे अपनी बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं. इन दिनों वे ट्रेंडिंग खबरों, वायरल टॉपिक्स और हटके कंटेंट पर काम कर रहे हैं.
अभिषेक के लिए पत्रकारिता महज एक पेशा या सिर्फ पाठकों तक सूचनाएं या खबरें पहुंचाना नहीं है. उनका विजन और उद्देश्य इससे कहीं अधिक व्यापक है. वे मानते हैं कि एक पत्रकार के रूप में उनकी जिम्मेदारी है कि पाठकों को हर बार कुछ नया और अनूठा पढ़ने को मिले. कंटेंट ऐसा हो जो पाठकों की सोच के दायरे को विस्तृत करे और उन्हें एक नया नजरिया दे.
अभिषेक को पत्रकारिता के साथ-साथ ट्रैवलिंग का भी शौक है. भागदौड़ भरी जिंदगी से जब भी फुर्सत मिलती है, वे पहाड़ों की तरफ निकल जाते हैं और सुकून के पल बिताते हैं.
Read More
