viral

पोते ने दादा AI से बनाया ऐसा ऐप जो दवा भूलने नहीं देगा, सेहत की चिंता ने पोते को बनाया इनोवेटर

चीनी स्टूडेंट ने दादा के लिए बनाया ऐप Image Credit source: Getty Images

18 साल के एक चीनी छात्र ने सिर्फ तकनीक का कमाल नहीं दिखाया, बल्कि अपने दादा के प्रति प्यार और जिम्मेदारी की ऐसी मिसाल पेश की है, जिसने लाखों लोगों का दिल जीत लिया. शंघाई के रहने वाले मा काई ने AI की मदद से एक ऐसा ऐप बनाया है, जो उनके दादा को समय पर दवा लेने की याद दिलाता है. इस अनोखे IDEA की सोशल मीडिया पर भी खूब तारीफ हो रही है.

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट (SCMP) की रिपोर्ट के मुताबिक, मा काई जल्द ही पढ़ाई के लिए अपने शहर से बाहर यूनिवर्सिटी जाने वाले हैं. उन्हें सबसे ज्यादा चिंता अपने 70 साल से अधिक उम्र के दादा की थी, जो अकेले रहते हैं और कई हेल्थ ईश्यू से जूझ रहे हैं. दादा को रोज तय समय पर दवाइयां लेनी पड़ती हैं, लेकिन उम्र बढ़ने के कारण कई बार उन्हें दवा लेना याद नहीं रहता. इसी परेशानी का हल निकालने के लिए मा ने यह AI आधारित ऐप तैयार किया.

बड़े काम का है ये ऐप

मा काई हाल ही में शंघाई में आयोजित वर्ल्ड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कॉन्फ्रेंस (WAIC) में पहुंचे थे. वहां उन्होंने अपने बनाए ऐप का डेमो भी दिखाया. इस ऐप को तैयार करने में उन्होंने बीजिंग की AI कंपनी Model Best द्वारा डेवलप बड़े भाषा मॉडल MiniCPM का इस्तेमाल किया है. उनका कहना था कि वह खास तौर पर इस सम्मेलन में इसलिए आए थे ताकि ModelBest के विशेषज्ञों से मिलकर अपने प्रोजेक्ट को और बेहतर बनाने के सुझाव ले सकें.

यह ऐप सिर्फ दवा लेने का रिमाइंडर नहीं देता, बल्कि इसमें एक और बेहद काम का फीचर भी है. अगर कोई व्यक्ति दवा के पैकेट की फोटो ऐप पर अपलोड करता है, तो AI यह जांच सकता है कि दवा एक्सपायर हो चुकी है या नहीं. अगर दवा की एक्सपायरी डेट निकल चुकी होती है, तो ऐप तेज आवाज में चेतावनी देता है कि इस दवा का इस्तेमाल बिल्कुल न करें. इससे बुजुर्गों के गलत या एक्सपायर दवा खाने का खतरा काफी कम हो सकता है.

हालांकि मा काई का कहना है कि उनका यह प्रोजेक्ट अभी शुरुआती दौर में है. उनके मुताबिक, इसमें फिलहाल कुछ लाइनों का कोड” ही है और इसे अभी काफी बेहतर बनाया जाना बाकी है. फिर भी उनका मानना है कि अगर यह उनके दादा की थोड़ी भी मदद कर सके, तो उनकी मेहनत सफल मानी जाएगी.

मा काई ने बताया कि उनका बचपन अपने दादा के साथ ही बीता है. दादा ने ही उनका Parenting किया और दोनों के बीच बेहद मजबूत रिश्ता है. हाल ही में उन्होंने चीन की Reputable University प्रवेश परीक्षा ‘गाओकाओ’ पास की है और अब सितंबर में उन्हें दूसरे शहर जाकर पढ़ाई शुरू करनी है. घर छोड़ने की खुशी के साथ-साथ उन्हें इस बात की चिंता भी थी कि उनके जाने के बाद दादा अपनी दवाइयों का सही तरीके से ध्यान रख पाएंगे या नहीं.

उन्होंने कहा कि उनके दादा को नियमित रूप से दवाइयां लेनी पड़ती हैं और इसमें जरा भी लापरवाही की गुंजाइश नहीं है. उन्हें डर था कि कहीं दादा दवा लेना भूल न जाएं, गलत दवा न खा लें या गलती से एक्सपायर दवा का इस्तेमाल न कर बैठें. इसी चिंता ने उन्हें यह ऐप बनाने की प्रेरणा दी.

यह भी पढ़ें: महिला ने अपने पति के साथ किया अनोखा समझौता, हर डिश पर हसबैंड को देने पड़ते हैं 1000 रुपये

मा काई की यह कहानी सामने आने के बाद चीन के सोशल मीडिया पर लोगों ने उनकी जमकर सराहना की. कई लोगों ने कहा कि AI का इस्तेमाल अगर ऐसे मानवीय और पारिवारिक कामों के लिए हो, तो इसका असली फायदा समाज को मिलेगा. वहीं कई यूजर्स ने उम्मीद जताई कि भविष्य में यह ऐप और विकसित होगा, ताकि सिर्फ मा के दादा ही नहीं बल्कि दुनिया भर के लाखों बुजुर्ग भी इसका लाभ उठा सकें. लोगों का मानना है कि तकनीक तब सबसे ज्यादा मायने रखती है, जब वह अपने प्रियजनों की जिंदगी को सुरक्षित और आसान बनाने में मदद करे, और मा काई ने अपने छोटे से प्रयास से यही साबित कर दिखाया.

आयुष कुमार

आयुष कुमार

आयुष कुमार, टीवी9 डिजिटल में सीनियर सब एडिटर हैं. अशोक और चाणक्य की धरती बिहार से हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की तालीम हासिल की है. पत्रकारिता में तीन साल से तिल को बिना ताड़ बनाए किसी भी सोशल मुद्दे को 360 डिग्री समझाने की कोशिश करते हैं.

अमर उजाला, फिरकी डॉट इन से अपने पत्रकारीय सफर की शुरुआत की है. पाठकों तक सरल शब्दों में खबरें पहुंचाना उद्देश्य रहा है. लेखन की इस दुनिया में दिलचस्पी इसलिए बढ़ गई, क्योंकि बचपन से ही काफी ज्यादा बातूनी रहे हैं. फिलहाल, टीवी9 में फीचर राइटिंग करते हुए सोशल मीडिया की नब्ज पकड़ने में माहिर हो गए है. अजीबोगरीब खबरों को गजब तरीके से लिखकर आप सबके सामने पेश करते हैं.Read More

What's your reaction?

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts