viral

फसल के साथ फैशन का भी जलवा, झारखंड के किसान का स्टाइल ने खींचा बॉलीवुड का ध्यान

किसान ने दिखाया अपना फैशन सेंसImage Credit source: Instagram/nishant_kerketta_1

24 साल के निशांत केरकेट्टा के वीडियो की शुरुआत देखकर शायद ही कोई अंदाजा लगा पाए कि अगले कुछ सेकंड में खेत का यही कीचड़ भरा माहौल फैशन रनवे जैसा नजर आने वाला है. झारखंड के रहने वाले निशांत पेशे से किसान हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर उनका एक अलग ही अंदाज लोगों का ध्यान खींच रहा है. वह खेतों में काम करते हुए वीडियो शुरू करते हैं और फिर अचानक अपने स्टाइलिश लुक से सबको चौंका देते हैं.

निशांत को खेती के साथ-साथ फैशन और फिटनेस का भी काफी शौक है. यही वजह है कि उनके सोशल मीडिया वीडियो आम फार्मिंग कंटेंट से काफी अलग दिखाई देते हैं. वीडियो में पहले वह खेत में काम करते नजर आते हैं. कपड़े और लुक बिल्कुल साधारण होते हैं. इसके बाद वीडियो में एकदम से ट्रांजिशन होता है और निशांत अलग-अलग स्टाइलिश आउटफिट में नजर आने लगते हैं.

खेत में किसान, कैमरे के सामने फैशन मॉडल!

उनकी हालिया रील ने तो सोशल मीडिया पर जबरदस्त धूम मचा दी. इस वीडियो को अब तक 1.13 करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका है. वीडियो की शुरुआत में निशांत शॉर्ट्स पहनकर खेत में काम करते दिखाई देते हैं. इसके बाद उनका पहला लुक सामने आता है, जिसमें वह पाउडर ब्लू शर्ट और वाइड लेग ट्राउजर पहने हुए हैं. आंखों पर सनग्लासेस और हाथ में गोल्ड कलर की घड़ी उनके लुक को और स्टाइलिश बना देती है.

इसके बाद निशांत सफेद शर्ट, स्ट्राइप्ड टाई और जींस में नजर आते हैं. अगले सीन में वह ब्लैक ओवरकोट के साथ एक और स्मार्ट लुक दिखाते हैं. फिर उनका अंदाज थोड़ा कॉर्पोरेट हो जाता है. ब्लैक ब्लेजर, मैचिंग ट्राउजर और टाई में वह किसी ऑफिस मीटिंग के लिए तैयार नजर आते हैं. वीडियो के आखिर में वह जींस और ढीली-फिटिंग शर्ट के साथ कैजुअल लुक में दिखाई देते हैं.

निशांत के इन वीडियो ने सोशल मीडिया यूजर्स के बीच एक मजेदार ट्रेंड भी शुरू कर दिया है. लोग उनकी स्टाइलिश अदाओं को देखकर उन्हें मजाक-मजाक में ऑरा फार्मर कह रहे हैं. उनके वीडियो में खेती और फैशन का ऐसा कॉम्बिनेशन देखने को मिलता है, जिसकी शायद ही किसी ने उम्मीद की हो.

निशांत के अंदाज की चर्चा सिर्फ आम सोशल मीडिया यूजर्स के बीच ही नहीं है. बॉलीवुड से जुड़े लोगों का ध्यान भी उनकी स्टाइल पर गया है. 5 अक्टूबर को शेयर की गई एक रील पर अभिनेत्री भूमि पेडनेकर ने कमेंट करते हुए लिखा कि Kya baat hai. वहीं शिबानी दांडेकर ने Loving the style लिखा. अनुषा दांडेकर ने भी उनके लुक की तारीफ करते हुए Style check कमेंट किया.

यह भी पढ़ें: 2 मिनट भी मुश्किल लेकिन 61 साल की महिला ने 5 घंटे तक किया प्लैंक, दुनिया के सामने बनाया हैरान करने वाला रिकॉर्ड

इंस्टाग्राम पर निशांत को 41 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं. उनके वीडियो में खेती, फिटनेस और फैशन तीनों का दिलचस्प मेल देखने को मिलता है. यही अलग अंदाज शायद लोगों को उनके अगले वीडियो का इंतजार करने पर मजबूर कर रहा है. खेतों में निशांत फसल उगाते हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर उनका फैशन वाला अंदाज एक अलग पहचान बना रहा है. जहां उनकी शुरुआत एक किसान के रूप में होती है, वहीं कुछ ही सेकंड में वही खेत उनके लिए फैशन स्टेज में बदल जाता है.

यहां देखिए वीडियो

आयुष कुमार

आयुष कुमार

आयुष कुमार, टीवी9 डिजिटल में सीनियर सब एडिटर हैं. अशोक और चाणक्य की धरती बिहार से हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की तालीम हासिल की है. पत्रकारिता में तीन साल से तिल को बिना ताड़ बनाए किसी भी सोशल मुद्दे को 360 डिग्री समझाने की कोशिश करते हैं. अमर उजाला, फिरकी डॉट इन से अपने पत्रकारीय सफर की शुरुआत की है. पाठकों तक सरल शब्दों में खबरें पहुंचाना उद्देश्य रहा है. लेखन की इस दुनिया में दिलचस्पी इसलिए बढ़ गई, क्योंकि बचपन से ही काफी ज्यादा बातूनी रहे हैं. फिलहाल, टीवी9 में फीचर राइटिंग करते हुए सोशल मीडिया की नब्ज पकड़ने में माहिर हो गए है. अजीबोगरीब खबरों को गजब तरीके से लिखकर आप सबके सामने पेश करते हैं.

Read More



What's your reaction?

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts