बिहार के वैशाली जिले में रास्ते के पुराने विवाद ने रविवार को खूनी रूप ले लिया। बिदुपुर थाना क्षेत्र के रजासन गांव में पट्टीदारों के बीच हुई फायरिंग में सेना के एक जवान और उनके पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जबकि सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, घटना बिदुपुर थाना क्षेत्र के रजासन गांव के वार्ड संख्या पांच की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रास्ते को लेकर पट्टीदारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। शनिवार रात भी दोनों पक्षों के बीच झड़प हुई थी, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। रविवार सुबह एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

























