वर्क फ्रॉम होम वायरल वी़डियो Image Credit source: Instagram/virendra.uncut
वर्क फ्रॉम होम आज लाखों लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुका है. कई लोगों को अब घर से काम करने की ऐसी आदत हो गई है कि उन्हें दोबारा रोज ऑफिस बुलाना किसी चुनौती से कम नहीं लगता. कंपनियां तरह-तरह के नियम और तरीके अपना रही हैं, लेकिन कर्मचारियों को ऑफिस की कुर्सी तक वापस लाना आसान नहीं है. हालांकि, एक शख्स की परेशानी इससे थोड़ी अलग है. उसे वर्क फ्रॉम होम से शिकायत नहीं है, बल्कि शिकायत इस बात से है कि उसका घर आखिर घर जैसा महसूस ही नहीं होता.
वीरेंद्र नाम के एक शख्स ने इसी एहसास को एक वीडियो के जरिए शेयर किया है. उनका वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों को काफी भावुक कर रहा है. वीडियो में वीरेंद्र बताते हैं कि उनके लिए वर्क फ्रॉम होम का मतलब असल में वर्क फ्रॉम फ्लैट बनकर रह गया है. वीडियो में वह कहते हैं कि सुबह उठो, लैपटॉप खोलो और काम में लग जाओ. काम करते-करते दिन निकल जाता है और आखिर में उसी कमरे में सोना होता है. अगले दिन फिर यही सिलसिला शुरू हो जाता है. उनके मुताबिक, जब रोज का पूरा रूटीन एक ही कमरे और एक ही जगह के आसपास घूमता रहे तो उसे घर कहना थोड़ा मुश्किल लगता है.
लैपटॉप और मॉनिटर तक सिमट गई जिंदगी
वीरेंद्र की बात में असली दर्द तब नजर आता है, जब वह बताते हैं कि उनके लिए घर सिर्फ चार दीवारों या एक फ्लैट का नाम नहीं है. घर वह जगह है जहां सुबह उठते ही मां की आवाज सुनाई दे. जहां पापा अचानक पूछ लें कि खाना खाया या नहीं. जहां परिवार के लोगों की मौजूदगी से आपको महसूस हो कि आप सच में घर पर हैं. उनका कहना है कि काम खत्म करने के बाद अगर भी घर जैसा एहसास न हो तो फिर वह जगह सिर्फ एक ऑफिस जैसी लगने लगती है. उनका कमरा भी कुछ ऐसा ही है. वहां लैपटॉप और मॉनिटर लगा है, काम होता है और फिर वहीं आराम भी करना पड़ता है. फर्क बस इतना है कि ऑफिस और कमरे में मॉनिटर का साइज अलग है.
यह भी पढ़ें: Viral Video: वंदे भारत स्लीपर के वॉशरूम से लेकर खाने तक ने जीता दिल, ट्रैवल व्लॉगर ने बताया अपना एक्सपीरियंस
इसीलिए वीरेंद्र कहते हैं कि उन्हें सिर्फ वर्क फ्रॉम होम नहीं चाहिए, बल्कि ऐसा घर चाहिए जहां परिवार भी साथ हो. उनकी बात सुनकर सोशल मीडिया यूजर्स भी खुद को इससे जोड़ते नजर आए. कई लोगों ने माना कि घर की असली पहचान परिवार से ही होती है.
यहां देखिए वीडियो
