कुत्तों का ऐसा वैक्सीनेशन देखा है कहीं?Image Credit source: Twitter/@gunsnrosesgirl3
भारत में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या एक बड़ी समस्या है. उनसे रेबीज जैसी खतरनाक बीमारी का खतरा हमेशा बना रहता है. इन आवारा कुत्तों का कोई भरोसा नहीं होता कि वो कब किसपर अटैक कर दें. दिल्ली-एनसीआर के ऐसे ही कुत्तों पर लगाम लगाने के लिए हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें शेल्टर होम में रखने का आदेश दिया था, जिसको लेकर खूब बवाल हुआ था. अब सोशल मीडिया पर कुत्तों के वैक्सीनेशन से जुड़ा एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है, जिसे देख कर हर कोई हैरान है कि क्या ऐसे भी वैक्सीनेशन होता है.
वीडियो में आप देख सकते हैं कि वैक्सीनेशन करने वाले कर्मचारी कैसे एक बड़ी सी पाइप के जरिए फूंक मारकर जगह-जगह बैठे या घूम रहे आवारा कुत्तों को वैक्सीनेट कर रहे हैं. दरअसल, उस पाइप के अंदर इंजेक्शन लगा होता है, जो फूंक मारते ही सीधे कुत्तों के शरीर में जा लगता है. ये तरीका इसलिए अपनाया गया है, ताकि वैक्सीनेशन करने वाले कर्मचारियों को कुत्तों के पास जाने और उन्हें पकड़ कर इंजेक्शन लगाने की जरूरत ना पड़े, क्योंकि ऐसे में उनके अटैक करने का भी खतरा रहता है. वीडियो में बताया गया है कि वैक्सीनेशन की ये टेक्निक मिस्र में अपनाई गई है, जो कारगर साबित हुई है.
यहां देखें वीडियो
A technique to vaccinate stray dogs
pic.twitter.com/C6azKckK0p— Science girl (@gunsnrosesgirl3) August 29, 2025
इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर @gunsnrosesgirl3 नाम की आईडी से शेयर किया गया है और कैप्शन में लिखा है, ‘आवारा कुत्तों को वैक्सीनेट करने की एक टेक्निक’. महज 17 सेकंड के इस वीडियो को अब तक 4.8 मिलियन यानी 48 लाख बार देखा जा चुका है, जबकि हजारों लोगों ने वीडियो को लाइक भी किया है.
वहीं, वीडियो देख यूजर्स ने तरह-तरह के कमेंट्स भी किए हैं और वैक्सीनेशन के इस तरीके को स्मार्ट आइडिया बताया है. एक यूजर ने लिखा है, ‘इस टेक्निक को भारत में भी अपनाया जाना चाहिए’, तो एक अन्य यूजर ने लिखा है, ‘आवारा पशुओं का वैक्सीनेशन कठिन काम होता है. खुशी है कि कोई इस चुनौती का क्रिएटिव तरीके से सामना कर रहा है’.

























