CCTV में कैद हुआ हैरान करने वाला पलImage Credit source: X/@RT_com
कहते हैं कि हादसा होने में ज्यादा वक्त नहीं लगता. बस कुछ सेकेंड की लापरवाही और सब कुछ बदल सकता है. लेकिन कई बार किसी की छोटी सी समझदारी और सही वक्त पर उठाया गया एक कदम किसी की पूरी जिंदगी बचा देता है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक CCTV वीडियो इसी बात की मिसाल है, जिसे देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए.
ये घटना मेक्सिको की है. वीडियो में सड़क किनारे एक शख्स अपने काम में व्यस्त नजर आता है. आसपास सब कुछ सामान्य चल रहा होता है. तभी अचानक वह पीछे की तरफ देखता है और उसकी नजर एक छोटी बच्ची पर पड़ती है. बच्ची धीरे-धीरे सड़क की तरफ बढ़ रही होती है और शायद उसे इस बात का अंदाजा भी नहीं होता कि आगे कितना बड़ा खतरा उसका इंतजार कर रहा है. बच्ची को सड़क की तरफ जाता देख शख्स को जैसे ही खतरे का एहसास होता है, वह बिना एक सेकेंड गंवाए उसकी तरफ दौड़ पड़ता है. उसी दौरान एक महिला भी बच्ची को रोकने के लिए पीछे भागती है. लेकिन वह बच्ची तक पहुंच पाती, उससे पहले ही फिसलकर सड़क पर गिर जाती है.
समझदारी ने बचाई बच्ची की जान
अब स्थिति और भी डरावनी हो जाती है. बच्ची सड़क की तरफ बढ़ती जा रही होती है और ठीक उसी वक्त सामने से एक कार आती हुई दिखाई देती है. CCTV में कैद यह पूरा पल इतना खतरनाक है कि कुछ सेकेंड के लिए ऐसा लगता है जैसे अब बच्ची को बचाना मुश्किल होगा. कार चालक की नजर भी बच्ची पर पड़ जाती है और वह तुरंत ब्रेक लगाने की कोशिश करता है. लेकिन उस वक्त सबसे अहम भूमिका उस शख्स की होती है, जो पहले ही बच्ची तक पहुंचने के लिए पूरी ताकत से दौड़ रहा था.
आखिरकार वह बच्ची तक पहुंच जाता है और उसे सड़क से खींचकर सुरक्षित जगह पर ले आता है. बच्ची को बचाने की कोशिश में दोनों सड़क पर गिर जाते हैं, लेकिन शख्स तुरंत उठता है. वह बच्ची को महिला के हवाले करता है और यह सुनिश्चित करता है कि बच्ची पूरी तरह सुरक्षित है. इसके बाद वीडियो का सबसे दिल छू लेने वाला हिस्सा सामने आता है. बच्ची को सुरक्षित देखकर शख्स न तो वहां रुकता है और न ही किसी से तारीफ की उम्मीद करता है. वह बिल्कुल सामान्य अंदाज में वापस अपनी दुकान की तरफ जाता है और अपने काम में लग जाता है.
यह भी पढ़ें: OMG! फुफकारते सांप के सामने बिना हिले-डुले खड़ा रहा शख्स, खतरनाक रेस्क्यू का वीडियो हुआ वायरल
जैसे कुछ हुआ ही न हो, लेकिन असल में उसने जो किया, वह किसी बड़ी बहादुरी से कम नहीं था. अगर उस वक्त उसने पीछे मुड़कर बच्ची को नहीं देखा होता या कुछ सेकेंड की भी देरी कर दी होती, तो नतीजा बेहद खतरनाक हो सकता था.
यहां देखिए वीडियो
Ordinary worker becomes a hero, saves a little girl from oncoming traffic in Mexico
CCTV caught him reacting instantly when the child darted into the road
He pulled her clear of an approaching car just in time, then calmly went back to work pic.twitter.com/qOLGfT2pEm
— RT (@RT_com) September 7, 2026



















