मेहनत, मजबूरी और ईमानदारी की एक अनूठी मिसालImage Credit source: Instagram/@tanishq__vaidya
सोशल मीडिया पर इन दिनों रेलवे स्टेशन का एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे देखकर आपकी आंखें भी नम हो जाएंगी और चेहरे पर एक प्यारी सी मुस्कान आ जाएगी. वायरल क्लिप में एक तरफ जहां एक गरीब वेंडर की मेहनत साफ झलकती है, वहीं दूसरी तरफ एक पैसेंजर के एक कदम ने इंटरनेट की पब्लिक का दिल जीत लिया है.
जान जोखिम में डालकर भागा वेंडर
वायरल हो रहे इस वीडियो में दिख रहा है कि प्लेटफॉर्म से ट्रेन धीरे-धीरे आगे बढ़ने लगती है. तभी एक वड़ा पाव बेचने वाला लड़का हाथ में ऑर्डर लेकर ट्रेन के पीछे दौड़ने लगता है. आप देखेंगे कि ट्रेन की रफ्तार बढ़ रही थी, लेकिन वह अपनी परवाह किए बिना दौड़ता रहा और आखिरकार चलती ट्रेन के गेट पर खड़े पैसेंजर तक वड़ा पाव पहुंचा ही दिया.
जब पेमेंट की बारी आई
वड़ा पाव देने के बाद जब पैसों की बात आई, तो पैसेंजर ने ऑनलाइन पेमेंट करने को कहा. वेंडर ने भी बिना देर किए अपनी जेब से तुरंत QR कोड निकालकर उसे दिखा दिया. लेकिन तब तक ट्रेन प्लेटफॉर्म से काफी आगे निकल चुकी थी और लड़का निराश होकर बस पैसेंजर को देखता रह गया. यह देखकर ऐसा लगा कि शायद वेंडर के साथ धोखा हो गया और उसे बिना पैसों के ही लौटना पड़ेगा.
पैसेंजर के एक कदम ने जीता सबका दिल
लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया. चलती ट्रेन में होने के बावजूद पैसेंजर ने तुरंत फोन निकाला, QR कोड स्कैन किया और वड़ा पाव के 30 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए. पैसेंजर की इस छोटी सी लेकिन बेहद ईमानदार हरकत ने साबित कर दिया कि आज भी दुनिया भरोसे और नेकी पर कायम है.
सोशल मीडिया पर छाया वीडियो
इंस्टाग्राम पर इस वीडियो को @tanishq__vaidya नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है. खबर लिखे जाने तक इसे 5 करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका है और 26 लाख से अधिक लोग इसे लाइक कर चुके हैं. वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा है-मजदूरी नहीं मजबूरी होती है, वहीं वीडियो के ऊपर टेक्स्ट लिखा है- पैसे ऐसे ही नहीं मिलते. कमेंट सेक्शन में नेटिजन्स दोनों की जमकर तारीफ कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, उसने आप पर भरोसा किया और आपने उसका मान रखा. दूसरे ने कहा, ये होती है ईमानदारी की मिसाल.
यहां देखिए वायरल वीडियो



















