7 साल में सिर्फ एक बार खिलता है यह फूलImage Credit source: Instagram/@bishallimbu763
Himalayan Diamond Flower Kenjo: प्रकृति कब और कहां हमें हैरान कर दे, कुछ कहा नहीं जा सकता. इन दिनों सोशल मीडिया पर हिमालय की वादियों का एक ऐसा ही वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर हर कोई दंग है. इस वीडियो में एक ऐसा दुर्लभ फूल दिखाई दे रहा है, जो अपनी लंबाई और अनोखे अंदाज की वजह से चर्चा का विषय बना हुआ है. आइए जानते हैं कि आखिर क्या है इस ‘डायमंड फ्लावर’ की पूरी कहानी.
क्या है यह ‘डायमंड फ्लावर’?
सोशल मीडिया पर इस अनोखे पौधे को ‘डायमंड फ्लावर’ (Diamond Flower) कहा जा रहा है. हालांकि, वैज्ञानिक और स्थानीय भाषा में इसे पदमचाल (Rheum Nobile) या ‘केन्जो’ (Kenjo) के नाम से जाना जाता है. इसकी चमकदार और नायाब बनावट की वजह से ही लोग इसे प्यार से ‘हिमालयी हीरा’ बुलाते हैं.
7 साल में सिर्फ एक बार खिलता है!
इस पौधे की सबसे हैरान करने वाली बात इसका लाइफ साइकल है. आम फूल जहां हर साल खिलते हैं, वहीं यह पौधा अपने पूरे जीवनकाल में सिर्फ एक ही बार खिलता है. इस एक फूल को खिलने में 7 से 15 साल तक का लंबा वक्त लग जाता है. यही वजह है कि इसे देखना हर किसी के नसीब में नहीं होता और जैसे ही यह पूरी तरह खिलता है, इसका जीवन चक्र भी पूरा होने लगता है.
इंसानों से भी लंबा होता है यह फूल
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन पौधों की लंबाई 3.2 फीट से लेकर 6.5 फीट तक होती है यानी यह किसी लंबे-तगड़े वयस्क इंसान से भी ऊंचे हो सकते हैं. वायरल वीडियो में भी साफ देखा जा सकता है कि पहाड़ी रास्तों के बीच यह पौधा इंसानों के बराबर खड़ा है.
4,000 मीटर की ऊंचाई पर मिलता है आशियाना
यह दुर्लभ पौधा आम जगहों पर नहीं उगता. यह समुद्र तल से करीब 4,000 मीटर (यानी 13,000 फीट) या उससे भी ज्यादा की ऊंचाई पर, हिमालय के ठंडे और पथरीले इलाकों में पाया जाता है. इतनी कड़ाके की ठंड और ऑक्सीजन की कमी के बीच भी इसका इस तरह खिलना वाकई कुदरत का एक बड़ा करिश्मा है.
वीडियो वायरल होने के बाद उठी चिंता
वायरल हो रहे इस वीडियो में कुछ लोग इस नायाब फूल को छूते और तोड़ते हुए नजर आ रहे हैं, जिस पर सोशल मीडिया यूजर्स काफी नाराज हैं. लोगों का कहना है कि इतने दुर्लभ और कीमती प्राकृतिक सौंदर्य को नुकसान नहीं पहुंचाना चाहिए.
यहां देखिए वायरल वीडियो



























