भुल्लर को एक कबाड़ विक्रेता से ‘सेवा पानी’ के नाम पर आठ लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में 16 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था। अधिकारियों के अनुसार, भुल्लर की गिरफ्तारी के बाद उनके आवास पर ली गई तलाशी के दौरान 7.5 करोड़ रुपये नकदी और 2.5 किलो सोने के आभूषण जब्त किए गए।
उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान रोलेक्स और राडो ब्रांड की 26 लग्जरी घड़ियां, परिवार के सदस्यों और संदिग्ध बेनामी संस्थाओं के नाम पर दर्ज 50 से अधिक अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज, कई बैंक खातों का विवरण और लॉकर की चाबियां तथा 100 जिंदा कारतूस के साथ चार आग्नेयास्त्र भी जब्त किए गए। अधिकारियों ने बताया कि भुल्लर की गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने उनके कई बैंक लॉकर की भी जांच की है।

























