viral

नोएडा में फेमस Youtuber नीतू बिष्ट से बदसलूकी… कार सवारों ने 27 KM तक किया पीछा, पति ने उठाए सवाल

YouTuber नीतू बिष्ट का वीडियो भी हुआ वायरल.

ग्रेटर नोएडा में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और महिला यूट्यूबर नीतू बिष्ट से छेड़छाड़ और पीछा करने का मामला सामने आया है. आरोप है कि दिल्ली के डीएनडी फ्लाईओवर से लेकर ग्रेटर नोएडा के परी चौक तक करीब 27 किलोमीटर तक कार सवार युवकों ने नीतू की गाड़ी का पीछा किया और इस दौरान उसके साथ अभद्रता की गई. यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है क्योंकि यूट्यूबर नीतू बिष्ट के इंस्टाग्राम पर करीब 5 मिलियन से अधिक फॉलोवर हैं.

पीड़िता के पति लखन रावत द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किया गया की वीडियो के अनुसार यह घटना करीब चार दिन पहले की है. महिला यूट्यूबर नीतू बिष्ट दिल्ली से ग्रेटर नोएडा की और अपनी बीएमडब्ल्यू कार से घर आ रही थीं. इसी दौरान डीएनडी फ्लाईओवर के पास दूसरी कार में सवार कुछ युवकों ने उनकी गाड़ी का पीछा करना शुरू कर दिया. नीतू जब नोएडा ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर आगे बढ़ीं तो भी आरोपियों ने पीछा करना नहीं छोड़ा.

बताया जा रहा है कि रास्ते में कई बार कार को ओवरटेक करने की कोशिश की गई और अभद्र इशारे भी किए गए. यह सिलसिला परी चौक तक चलता रहा, जिससे नीतू काफी डर गईं. रास्ते में उन्हें कहीं भी पुलिस नजर नहीं आई. इस दौरान महिला यूट्यूबर ने घबराकर अपने पति लखन रावत को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी. उस समय नीतू का घर करीब 15 मिनट की दूरी पर था. सूचना मिलते ही पति तुरंत मौके पर पहुंचे और साथ ही पुलिस को इसकी सूचना दी गई. सूचना मिलने पर नॉलेज पार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत की. पुलिस ने मौके पर पहुंच स्थिति को नियंत्रित किया और जांच की. हालांकि पुलिस का कहना है कि पूरे मामले में महिला यूट्यूबर की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई है.

सोशल मीडिया पर पति ने उठाए सवाल

महिला यूट्यूबर नीतू बिष्ट के पति लखन रावत, जिनके खुद भी सोशल मीडिया पर करीब डेढ़ लाख से अधिक फॉलोअर हैं, उन्होंने इस घटना को लेकर एक वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया. वीडियो में उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी पर हमला किया गया और उसकी गाड़ी का पीछे किया गया. लेकिन इसके बावजूद भी उन्हें न्याय नहीं मिला.

‘रास्ते में कहीं भी नहीं दिखी पुलिस’

वीडियो में यह भी कहा गया है कि अगर इतनी बड़ी पहचान वाली महिला के साथ ऐसा हो सकता है तो आम महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े होते हैं. वहीं, डीएनडी से लेकर ग्रेटर नोएडा परी चौक तक, कहीं भी रास्ते में महिला को पुलिस नजर नहीं आई. अब सोशल मीडिया पर तमाम लोग इस पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं. कई लोगों ने कहा कि ग्रेटर नोएडा जैसे शहरों में इस तरह की घटना महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े करती है.

वहीं, नॉलेज पार्क थाना प्रभारी का इस पूरे मामले में कहना है- प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों कारों के बीच टक्कर हुई थी, जिसको लेकर विवाद बढ़ गया. फिलहाल आपसी समझौता करवा दिया गया है. कानून व्यवस्था को लेकर किसी भी तरह की कोई समस्या नहीं है.

What's your reaction?

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts