Crime

नोएडा में नाबालिग बेटे ने पिता की हत्या के बाद मेट्रो के आगे कूदकर दी थी जान, मोबाइल फोन भी ले गया साथ, Ncr Hindi News

नोएडा में मेट्रो स्टेशन पर सुसाइड करने वाले नाबालिग बेटे ने अपनी जान देने से पहले पिता की हत्या की थी जान। वारदात को अंजाम देने के बाद वह शव को कमरे में बंद करके पिता का मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गया था। पुलिस को गढ़ी चौखंडी गांव स्थित किराये के कमरे से व्यक्ति का शव मिला।  

नोएडा सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन पर बुधवार सुबह मेट्रो ट्रेन के आगे कूदकर 16 वर्षीय अमृत शर्मा की मौत के मामले में अब नया और सनसनीखेज मोड़ सामने आया है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि अमृत ने पहले अपने पिता राजू शर्मा की धारदार हथियार से हत्या की और इसके बाद मेट्रो के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। पिता की लाश गुरुवार रात फेज तीन थाना क्षेत्र के गढ़ी चौखंडी गांव की अजनारा कॉलोनी स्थित मकान के कमरे से बरामद हुई।

भाई ने पुलिस को दी थी राजू शर्मा के नहीं मिलने की सूचना

13 अगस्त को अरुण शर्मा थाना फेस-तीन पहुंचे। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके भतीजे अमृत शर्मा ने 12 अगस्त को सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन पर ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी थी। साथ ही अमृत के पिता राजू शर्मा का भी कोई पता नहीं चल रहा है। अरुण ने बताया कि राजू और अमृत थाना फेस-3 क्षेत्र में जगन्नाथ मंदिर के आसपास रहते थे। पुलिस ने राजू की तलाश शुरू की। इसी दौरान तिकोना पार्क, अजनारा समिति की गली नंबर-2 स्थित एक मकान के कमरे से दुर्गंध आने की जानकारी मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि इसी कमरे में राजू शर्मा और उनका बेटा अमृत रहते थे। अमृत के पास से मिले दो मोबाइल फोन और कुछ चाबियों की मदद से कमरे का ताला खोला गया। कमरे के अंदर राजू शर्मा का शव पड़ा मिला। उसके शरीर पर धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान थे।

पुलिस के मुताबिक, कमरे से अमृत के खून से सने कपड़े भी बरामद हुए हैं। बताया गया है कि अमृत ने कपड़े बदलने के बाद खून से सने कपड़े कमरे में ही छोड़ दिए थे। फोरेंसिक टीम ने कपड़ों को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है। मौके से अन्य साक्ष्य भी जुटाए गए हैं।

पढ़ाई और घर से बाहर जाने को लेकर पिता से था विवाद

प्रारंभिक जांच में पुलिस को परिवार और आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि राजू शर्मा अपने बेटे अमृत को बाहर जाने से रोकते थे। अमृत का किसी स्कूल में दाखिला भी नहीं कराया गया था। पुलिस के अनुसार, इन परिस्थितियों को लेकर अमृत परेशान और अवसादग्रस्त था। फिलहाल पुलिस हत्या और आत्महत्या की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है।

छह साल से अलग रहते थे पति-पत्नी

पुलिस को जांच में यह भी पता चला है कि अमृत के माता-पिता आपसी विवाद के चलते करीब छह वर्षों से अलग रह रहे थे। अमृत अपने पिता के साथ रह रहा था। अमृत की मां रूबी शर्मा ने पुलिस को बताया कि वह मूलरूप से झारखंड के जिला बोकारो की रहने वाली है। पति राजू शर्मा एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। दोनों का एक ही बेटा अमृत था। वह पिछले कई वर्षों से परिवार के साथ नोएडा में किराए के घर में रह रहे थे। कोरोना काल के दौरान राजू शर्मा की नौकरी चली गई थी। इसको लेकर आए दिन विवाद रहता था। लगातार विवाद होने के चलते वह पति से अलग रह रही थी।

What's your reaction?

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts