फ्रांस के ‘ब्लैक एलियन’ एंथनी लोफ्रेडोImage Credit source: Instagram/@the_black_alien_project
जब कोई अपनी पसंद के लिए समाज की परवाह करना छोड़ देता है, तो वो कुछ ऐसा कर जाता है जिस पर यकीन करना मुश्किल हो जाता है. फ्रांस के एंथनी लोफ्रेडो (Anthony Loffredo) आज दुनिया में ‘ब्लैक एलियन’ (Black Alien) के नाम से मशहूर हैं, लेकिन आज से 15 साल पहले वो बिल्कुल आम और हैंडसम दिखते थे. हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी पुरानी तस्वीर शेयर की, जिसे देखकर सब हैरान रह गए.
एंथनी पिछले 10 साल से ज्यादा समय से अपने शरीर पर अजीबोगरीब प्रयोग कर रहे हैं. उन्हें देखकर लगता है जैसे वो किसी साइंस फिक्शन फिल्म से निकले हों. इस लुक के लिए उन्होंने कई दर्दनाक सर्जरी करवाई हैं. उन्होंने अपने दोनों कान और हाथ की दो उंगलियां कटवा दी हैं, सिर को एलियन जैसा दिखाने के लिए स्किन के अंदर मेटल और सिलिकॉन इम्प्लांट लगवाए हैं, होंठ का एक हिस्सा हटवा दिया है और आंखों में काली स्याही भरवा ली है. उनका पूरा शरीर सिर से पैर तक काले टैटू से ढका हुआ है.
15 साल पहले ऐसे दिखते थे एंथनी
हाल ही में एंथनी ने इंस्टाग्राम पर अपनी 15 साल पुरानी फोटो शेयर की, जहां उनके 10 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं. उस फोटो में वो घने काले बाल और छोटी दाढ़ी के साथ काफी हैंडसम लग रहे हैं. इसे देखकर कोई नहीं कह सकता कि ये वही शख्स है जो आज ‘ब्लैक एलियन’ है. उन्होंने इस पोस्ट को ‘ब्लैक एलियन प्रोजेक्ट- 15 साल का बदलाव’ (Black Alien Project- 15 Years of Evolution) नाम दिया और लिखा कि लोगों को ये पागलपन लग सकता है, लेकिन उनके लिए ये बचपन का सपना और अपनी पहचान ढूंढने का रास्ता है.
खुद को बदलने का सफर क्यों शुरू किया?
एक इंटरव्यू में एंथनी ने बताया था कि वो अपने असली रूप से कभी खुश नहीं थे. उन्हें लगता था कि ये शरीर उनका है ही नहीं. वो खुद को एक कैनवास की तरह अपनी कल्पना के हिसाब से बदलना चाहते थे.
सोशल मीडिया पर उन्हें इस लुक के लिए काफी ट्रोल भी किया जाता है, लेकिन उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता. उनका कहना है कि जिंदगी उनकी है, इसलिए वो अपने शरीर के साथ जो चाहें कर सकते हैं.



















