नौकरी जाने के बाद शख्स का ऐसा हुआ हाल Image Credit source: Social Media
गुरुग्राम के एक शख्स की कहानी इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में है. वजह है उसकी नौकरी जाने के बाद की जिंदगी और वो डर, जिसकी वजह से वह अपने माता-पिता को यह तक नहीं बता पाया कि उसकी नौकरी चली गई है. कंपनी से निकाले जाने के बाद भी वह रोज सुबह ऐसे घर से निकलता रहा, जैसे वह ऑफिस जा रहा हो. लेकिन असल में उसके दिन का ज्यादातर वक्त नौकरी ढूंढने और खुद को व्यस्त रखने में बीत रहा था.
शख्स ने सोशल मीडिया पर अपनी कहानी शेयर करते हुए बताया कि वह पिछले सात साल से एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम कर रहा था. गुरुग्राम के साइबर सिटी में काम करने वाली इस कंपनी ने 10 सितंबर को अचानक उसकी नौकरी खत्म कर दी. नौकरी जाने का झटका तो उसे लगा ही, लेकिन उससे भी बड़ी परेशानी यह थी कि वह अपने माता-पिता को इस बारे में बताने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था.
नौकरी छूटने के बाद घरवालों से छिपाई बात
उसने बताया कि हर सुबह वह अपना पर्सनल लैपटॉप बैग में रखता और घर से ऐसे निकलता, मानो हमेशा की तरह ऑफिस जा रहा हो. उसे राहत थी कि उसकी मां ने अभी तक यह नोटिस नहीं किया था कि उसका ऑफिस वाला लैपटॉप घर पर नहीं है. इसके बाद वह किसी ऑफिस की बजाय स्टारबक्स पहुंचता. वहां बैठकर वह नई नौकरियों के लिए आवेदन करता और साथ ही प्रोग्रामिंग सीखने में समय लगाता. उसने बताया कि इन दिनों वह Python सीख रहा है, ताकि अपने करियर में आगे बढ़ने के लिए नई स्किल्स हासिल कर सके.
दिन का एक और हिस्सा वह जरूरतमंद बच्चों को पढ़ाने में बिताता है. नौकरी की तलाश और पढ़ाई के बीच वह वसंत कुंज और हौज खास में वंचित बच्चों को पढ़ाने भी जाता है. शाम करीब 5 बजे वह वापस घर पहुंचता है और परिवार के सामने ऐसे रहने की कोशिश करता है जैसे सब कुछ सामान्य हो. उसने अपनी स्थिति को एक तरह की ‘डबल लाइफ’ बताया. एक तरफ घरवालों से नौकरी जाने की बात छिपाने का दबाव है और दूसरी तरफ नई नौकरी पाने की कोशिश. उसका कहना है कि इस तरह की जिंदगी काफी थका देने वाली है और उसे खुद नहीं पता कि वह इसे आखिर कब तक जारी रख पाएगा.
यह भी पढ़ें: Viral Video: बैंकॉक में दिखी भक्ति की अनोखी मिसाल, लड्डू-मोदक नहीं यहां भक्त गणपति को चढ़ाते हैं बोबा टी
सोशल मीडिया पर उसकी पोस्ट सामने आने के बाद कई लोगों ने उसके प्रति सहानुभूति जताई. कुछ लोगों ने अपने अनुभव भी साझा किए और उसे समझाया कि नौकरी चले जाना किसी व्यक्ति की काबिलियत या चरित्र पर सवाल नहीं है. एक यूजर ने बताया कि वह भी ऐसी ही स्थिति से गुजर चुका है. उसने शख्स को इस समय का इस्तेमाल कुछ नया सीखने और अपनी स्किल्स बढ़ाने के लिए करने की सलाह दी. एक अन्य यूजर ने कहा कि उसे अपने माता-पिता से यह बात छिपाने की जरूरत नहीं है, क्योंकि मुश्किल समय में परिवार का साथ सबसे ज्यादा काम आता है.
यहां देखिए पोस्ट
Laid Off, but Still Leaving for Work at 9 AM
by
u/manni1145 in
gurgaon



















