वंदे भारत पर फिदा हुईं इंग्लैंड की व्लॉगरImage Credit source: Instagram/@mianchandler
जब विदेशी पर्यटक भारत आते हैं, तो अक्सर वे जनरल डिब्बे या भीड़ वाली ट्रेनों के वीडियो बनाते हैं. लेकिन इंग्लैंड की ट्रैवल व्लॉगर मिया निकोल (Mia Nicole) ने कुछ अलग किया. उन्होंने दिल्ली से वाराणसी तक वंदे भारत एक्सप्रेस (Vande Bharat Express) से सफर किया और भारत की आधुनिक ट्रेन की तस्वीर दिखाई. उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. उन्होंने कहा कि वे दुनिया को भारत की सिर्फ सस्ती और भीड़ वाली ट्रेनें नहीं, बल्कि आधुनिक और आरामदायक ट्रेन यात्रा भी दिखाना चाहती हैं.
ट्रेन देखते ही एक्साइटेड हो गईं निकोल
वीडियो की शुरुआत नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से होती है, जहां मिया निकोल अपनी दोस्त के साथ दिख रही हैं. प्लेटफॉर्म पर वंदे भारत ट्रेन देखते ही दोनों बहुत खुश हो जाती हैं और अपने कोच की तरफ भागती हैं. ट्रेन के अंदर की साफ-सफाई, आरामदायक सीटें और नई सुविधाएं देखकर निकोल हैरान रह गईं. उन्होंने कहा, हर कोई भारत की सस्ती ट्रेनें ही दिखाता है, लेकिन देखिए यह ट्रेन कितनी शानदार है.
खाने ने दिल जीत लिया
सफर के दौरान जब रेलवे की तरफ से खाना दिया गया, तो निकोल और भी खुश हो गईं. एक के बाद एक स्वादिष्ट खाने का मजा लेते हुए उनके चेहरे पर साफ दिख रहा था कि उन्हें खाना बहुत पसंद आया. आखिर में जब उन्हें आइसक्रीम मिली तो वे बहुत खुश हो गईं. उन्होंने कहा कि इस ट्रेन के सफर ने उन्हें पूरी तरह से चौंका दिया है.
15 से ज्यादा देश घूम चुकी हैं मिया निकोल
इंग्लैंड की रहने वाली मिया निकोल कोई आम पर्यटक नहीं हैं. वह एक ट्रैवल व्लॉगर हैं और अब तक 17 देशों में घूम चुकी हैं. अमेरिका, चीन, जापान, साउथ कोरिया, सिंगापुर, इंडोनेशिया, मलेशिया, वियतनाम, थाईलैंड और श्रीलंका के बाद अब वह भारत की खूबसूरती को अपने कैमरे में कैद कर रही हैं.
नेटिजन्स बोले- चलो किसी ने तो 10 डॉलर से ज्यादा खर्च किया
निकोल के इस वीडियो पर लोग खूब कमेंट कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, आखिरकार एक अच्छे बजट वाला टूरिस्ट आया, भारत का आधुनिक रूप दिखाने के लिए शुक्रिया. दूसरे यूजर ने मजाकिया लहजे में लिखा, आखिरकार 10 डॉलर से ज्यादा खर्च करने वाला विदेशी टूरिस्ट मिल ही गया.
यहां देखिए वायरल वीडियो



















