Viral: इंडिगो कूपन इस्तेमाल करने पर बंदे को हुई भारी ‘बचत’, फोटो पोस्ट कर बंदे ने बताई कहानी

इंडिगो फ्लाइट पर बंदे को हुई भारी बचत Image Credit source: Getty Images

ऑनलाइन टिकट बुकिंग के बाद से पेमेंट ऐप्स और एयरलाइंस लगातार तरह-तरह के कूपन ऑफर देती रहती हैं. मकसद साफ होता है, ग्राहकों को लुभाना और उन्हें यह एहसास दिलाना कि उन्होंने समझदारी से पैसा बचाया है. लेकिन हाल ही में इंडिगो एयरलाइंस से जुड़ा एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने लोगों को बचत से ज्यादा हंसी का मौका दे दिया. दरअसल, एक यात्री ने इंडिगो की वेबसाइट से फ्लाइट टिकट बुक करते समय FLYMORE नाम का कूपन कोड लगाया.

कूपन लगते ही स्क्रीन पर एक मैसेज आया, जिसने उस शख्स को चौंका दिया. कूपन अप्लाई होने के बाद सिस्टम ने ग्राहक को बधाई देते हुए बताया कि उसने पूरे 0 रुपये की बचत की है. यानी कूपन लगा, लेकिन फायदा शून्य. इस अजीबोगरीब अनुभव से यात्री न सिर्फ हैरान रह गया, बल्कि उसे यह मामला इतना मजेदार लगा कि उसने इसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर कर दिया.

आखिर कैसा था ये कूपन

यूजर का नाम अमित अग्रवाल है, जिन्होंने टिकट बुकिंग का स्क्रीनशॉट पोस्ट करते हुए इंडिगो को टैग किया और हंसते हुए लिखा कि बधाई हो! आपने इंडिगो से सीधे बुकिंग करके 0.0 रुपये की सेविंग की. @IndiGo6E आपकी दरियादिली के लिए धन्यवाद!

पोस्ट में हंसी के इमोजी भी लगे थे, जिससे साफ था कि अमित इस पूरे मामले को हल्के-फुल्के अंदाज में ले रहे हैं. लेकिन सोशल मीडिया की ताकत यही है कि छोटी सी बात भी देखते ही देखते बड़ी बन जाती है. अमित का यह पोस्ट तेजी से वायरल होने लगा. कुछ ही समय में इसे करीब 1 लाख 91 हजार से ज्यादा बार देखा गया और 6 हजार से अधिक लाइक्स मिल गए.

मामला बढ़ता देख इंडिगो एयरलाइंस ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी. इंडिगो की ओर से ट्विंकल नाम की प्रतिनिधि ने पोस्ट पर जवाब देते हुए लिखा, Hi, हमें इसके लिए खेद है. कृपया हमें थोड़ा समय दें, हम इसे चेक करवा रहे हैं. साथ ही आपसे अनुरोध है कि अपनी कॉन्टैक्ट डिटेल और PNR नंबर हमें DM में भेजें. एयरलाइन की इस प्रतिक्रिया से साफ था कि वे इस तकनीकी गड़बड़ी को गंभीरता से ले रहे हैं.

यह भी पढ़ें: रेलवे स्टेशन पर Shortcut का चक्कर शख्स को पड़ा, ट्रेन से टक्कर लगते ही खिलौने की तरह उछला बंदा

इधर, जैसे ही यह पोस्ट लोगों तक पहुंची, कमेंट सेक्शन में मजेदार प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई. ये पूरा मामला सोशल मीडिया पर लोगों के लिए हंसी और मनोरंजन का जरिया बन गया. साथ ही यह घटना ऑनलाइन सिस्टम और कूपन ऑफर्स की सच्चाई भी दिखाती है, जहां हर बार बचत का मतलब जरूरी नहीं कि पैसे कम होना ही हो. कई बार तकनीकी गड़बड़ियां या सिस्टम की लिमिटेशन ऐसे अजीब हालात पैदा कर देती हैं.

यहां देखिए पोस्ट



Exit mobile version