आसमान में कैसे बनता तूफान Image Credit source: Social Media
धरती पर इस वक्त साल 2025 का सबसे भीषण तूफान कहर बरपा रहा है. अटलांटिक महासागर के ऊपर उठते हुए इस तूफान का नाम है हरिकेन मेलिसा, जिसने अब तक कई देशों में तबाही मचा दी है. अमेरिकी वायुसेना ने आसमान से इस हरिकेन का एक वीडियो रिकॉर्ड किया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में दिखाई देने वाला दृश्य इतना भयावह है कि देखने वालों के रोंगटे खड़े हो जा रहे हैं.
अमेरिकी वायुसेना द्वारा रिकॉर्ड की गई यह फुटेज अटलांटिक बेसिन के ऊपर से ली गई है. वीडियो में साफ दिखता है कि कैसे विशालकाय हरिकेन मेलिसा समुद्र के ऊपर घूमता हुआ आगे बढ़ रहा है. बादलों के बीच बने तूफान की आंख किसी दानव की तरह दिखाई दे रही है. इसको लेकर मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह एक कैटेगरी 5 का सुपर हरिकेन है, जिसकी तीव्रता बेहद खतरनाक स्तर पर पहुंच चुकी है.
क्यों खतरनाक है ये तूफान
द वेदर चैनल की रिपोर्ट के अनुसार, हरिकेन मेलिसा इस समय जमैका की दिशा में बढ़ रहा है. 175 मील प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाएं अपने रास्ते में आने वाली हर चीज़ को तबाह कर रही हैं. सरकारी एजेंसियों ने पहले ही चेतावनी जारी कर दी थी कि यह तूफान विनाशकारी साबित हो सकता है. अब तक की रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेलिसा की चपेट में आकर कम से कम 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सैकड़ों घरों को नुकसान पहुंचा है. बिजली और संचार सेवाएं ठप हो गई हैं और बचाव दल लगातार राहत कार्यों में जुटे हुए हैं.
यह वायरल वीडियो अमेरिकी एयरफोर्स रिजर्व की 53वीं वेदर रिकॉनिसेंस स्क्वाड्रन की टीम ने रिकॉर्ड किया है, जिसे हंटर्स के नाम से जाना जाता है. यह वही टीम है जो खतरनाक तूफानों के भीतर उड़ान भरकर उनके केंद्र से डेटा इकट्ठा करती है. इस मिशन के दौरान उनके विमान ने मेलिसा के आई वॉल यानी तूफान की दीवार के भीतर से गुजरते हुए यह वीडियो कैद किया.
यहां देखिए वीडियो
NEWS 🚨: Insane video from inside the eye of now-Category 5 Hurricane Melissa over the Atlantic
The strongest storm on the planet this year pic.twitter.com/7gTEfmgVjd
— Latest in space (@latestinspace) October 27, 2025
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर @latestinspace नाम के अकाउंट ने यह वीडियो साझा किया. कई लोगों ने चिंता जताई कि जलवायु परिवर्तन (Climate Change) की वजह से ऐसे भीषण तूफानों की संख्या बढ़ती जा रही है. वैज्ञानिक भी इस बात की पुष्टि कर चुके हैं कि बढ़ते समुद्री तापमान के कारण अटलांटिक महासागर में सुपर हरिकेन्स बनने की संभावना अब पहले से ज्यादा है. हरिकेन मेलिसा यह याद दिलाता है कि आधुनिक तकनीक और तैयारियों के बावजूद इंसान प्रकृति के सामने अब भी असहाय है. अमेरिकी एयरफोर्स के इस वीडियो ने पूरी दुनिया को यह दिखा दिया कि एक सुपर हरिकेन अंदर से कैसा दिखता है-खूबसूरत भी, और खतरनाक भी.

























