मुबंई एयरपोर्ट से आया हैरान करने वाला वीडियो Image Credit source: Instagram/@VishalMYadav_
हवाई सफर के दौरान यात्रियों को अपने सामान की सुरक्षा की भी चिंता रहती है. ऐसे में अगर फ्लाइट से उतरने के बाद सूटकेस टूटा हुआ मिले, तो परेशानी होना लाजिमी है. मुंबई एयरपोर्ट पर भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला, जहां एक यात्री को अपना चेक-इन बैग बुरी तरह डैमेज हालत में मिला. सूटकेस का पहिया टूटा हुआ था और उसके आसपास का हिस्सा भी उखड़ा नजर आ रहा था. लेकिन यात्री की नाराजगी सिर्फ सामान टूटने तक सीमित नहीं रही. उसका आरोप था कि जब उसने ग्राउंड स्टाफ से इसकी शिकायत की, तो उसे ऐसा जवाब मिला, जिससे उसकी परेशानी और बढ़ गई.
इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर विशाल एम. यादव नाम के यूजर ने शेयर किया है. बताया जा रहा है कि यात्री ने अकासा एयर की फ्लाइट से सफर किया था. मुंबई एयरपोर्ट पहुंचने के बाद जब उसने अपना सामान देखा, तो सूटकेस की हालत देखकर वह परेशान हो गया. इसके बाद उसने वीडियो बनाकर अपने साथ हुई घटना को रिकॉर्ड किया और स्टाफ के सामने अपनी नाराजगी जाहिर की.
मदद मांगने पर मिला ऐसा जवाब
वीडियो में यात्री सबसे पहले अपने सूटकेस को दिखाता है. वह कैमरे को बैग के बाईं तरफ बने पहिये की ओर ले जाता है, जो बुरी तरह टूटा हुआ दिखाई देता है. पहिये के आसपास का हिस्सा भी फटा नजर आता है. बैग की हालत देखकर साफ पता चलता है कि यात्री को अपने सामान को लेकर शिकायत है.
इसके बाद वह कैमरा ग्राउंड स्टाफ की तरफ घुमाता है और बताता है कि जब उसने बैग टूटने की बात कही, तो कर्मचारियों ने उसकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया. वीडियो में यात्री कहता सुनाई देता है कि देखिए, मेरा बैग इस तरफ से टूट गया है. मैंने स्टाफ से इसके बारे में पूछा, तो उन्होंने कहा कि बैग टूटा हुआ नहीं लग रहा है. अब मैं ऑनलाइन शिकायत दर्ज करूंगा. वीडियो के साथ शेयर किए गए कैप्शन में भी आरोप लगाया गया कि सफर के दौरान यात्री का सामान खराब हुआ और मदद मांगने पर ग्राउंड स्टाफ का रवैया ठीक नहीं था.
हालांकि, इस मामले में एयरलाइन की तरफ से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने के बाद ही घटना से जुड़ी पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इस मामले को लेकर नाराजगी जाहिर की. कई यूजर्स ने यात्री के प्रति सहानुभूति जताते हुए कहा कि चेक-इन के दौरान एयरलाइन की जिम्मेदारी होती है कि यात्रियों के सामान को संभालकर रखा जाए. अगर सामान खराब हालत में मिलता है, तो शिकायत करने वाले यात्री को उचित मदद मिलनी चाहिए.
यह भी पढ़ें: बिना ब्रेक 151.83 KM/H की रफ्तार! स्पेन के डिएगो ने तोड़ा 9 साल पुराना स्केटबोर्डिंग वर्ल्ड रिकॉर्ड
कुछ यूजर्स ने यह भी कहा कि एयरपोर्ट पर सामान की लोडिंग और अनलोडिंग के दौरान कई बार बैग के साथ लापरवाही बरती जाती है, जिसके चलते सूटकेस टूट जाते हैं. वहीं, कुछ लोगों ने शिकायत पर कथित तौर पर दिए गए जवाब को गलत बताते हुए कहा कि यात्रियों की समस्या को नजरअंदाज करने के बजाय उनकी बात सुननी चाहिए.
यहां देखिए वीडियो
यह मामला मुंबई एयरपोर्ट का है l
यात्री एयरलाइन्स अकासा एयर की फ्लाइट से आता है,
यात्री का चेक्ड-इन सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त और टूटा हुआ मिलता है,
वहां ग्राउंड स्टाफ से इसकी शिकायत की, तो मदद करने के बजाय उनका व्यवहार बेहद खराब रहा,
जिसके बाद यह पूरा विवाद खड़ा हो गया,
जिसकी वजह से यह वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है।
— Vishal M. Yadav (@VishalMYadav_) October 14, 2026
