रॉयल लुक, लग्जरी बाथरूम और स्विमिंग पूल… असम के इस घर में रहने के लिए देने होंगे 2.5 लाख रुपये!

Royal Villa Rs 2.5 RentImage Credit source: Instagram/reubenncharles

अगर कोई आपसे कहे कि एक घर का किराया हर महीने 2.5 लाख रुपये है, तो शायद आप भी दोबारा पूछेंगे कि आखिर इस घर में ऐसा क्या खास है? असम के गुवाहाटी में मौजूद एक रॉयल विला इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है. इसकी लग्जरी देखकर लोग हैरान हैं. हालांकि, जब उन्हें इसका किराया पता चला, तो कई लोगों ने इसे जरूरत से ज्यादा महंगा बता दिया.

पहले लैविश शब्द का मतलब समझ लेते हैं. अंग्रेजी के इस शब्द का आसान हिंदी मतलब शानदार या बेहद आलीशान होता है. असम के इस विला को देखकर आप भी कहेंगे कि यहां लैविश शब्द बिल्कुल फिट बैठता है. घर के अंदर की सुविधाएं किसी महंगे होटल से कम नहीं लगतीं.

अंदर से कैसा दिखता है यह रॉयल विला?

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में ट्रैवल क्रिएटर रूबेन चार्ल्स असम के इस आलीशान विला का टूर करते नजर आते हैं. यह विला गुवाहाटी में मेफेयर स्प्रिंग वैली के पास स्थित है और किराये पर उपलब्ध है. वीडियो में एक महिला होटल अटेंडेंट उन्हें पूरे विला की सैर कराती है और वहां मौजूद सुविधाओं के बारे में बताती है. अटेंडेंट सबसे पहले विला नंबर 6101 के बारे में जानकारी देती है. वह बताती है कि यहां दो कारों की पार्किंग की सुविधा है. इसके बाद रूबेन को डॉर्मिटरी दिखाई जाती है, जहां एक साथ कई लोग ठहर सकते हैं. विला में मीटिंग के लिए अलग एरिया और बोर्डरूम भी है. यानी यह जगह सिर्फ रहने के लिए ही नहीं, बल्कि बिजनेस मीटिंग जैसी जरूरतों के लिहाज से भी तैयार की गई है.

इसके बाद बारी आती है घर के सबसे खास हिस्सों की. महिला अटेंडेंट रूबेन को मास्टर बेडरूम दिखाती है. यहां एक नहीं, बल्कि दो एक जैसे मास्टर बेडरूम मौजूद हैं. इनके साथ बने लग्जरी बाथरूम भी विला की शान बढ़ाते हैं. विला के अंदर का टूर खत्म होने के बाद अटेंडेंट उन्हें बाहर की सुविधाएं भी दिखाती है. यहां स्विमिंग पूल और खूबसूरत लॉन मौजूद हैं, जहां लोग आराम से समय बिता सकते हैं. सर्दियों में अलाव यानी बोनफायर का मजा लेने के लिए भी अलग जगह बनाई गई है.

विला में काशी के नंदी बाबा की तस्वीर भी लगी हुई है, जिसे वीडियो में खास तौर पर दिखाया जाता है. इस तरह यहां आधुनिक लग्जरी के साथ धार्मिक आस्था से जुड़ी झलक भी देखने को मिलती है. अटेंडेंट यह भी बताती है कि विला में कोई आने वाला है, हालांकि वीडियो में इस बात का ज्यादा खुलासा नहीं होता.

यह भी पढ़ें: राक्षस ने देवता को जोर से मारा, फिर देवता ने भी दिखाया दम! कुछ सेकंड में रामलीला बन गई अखाड़ा

रूबेन चार्ल्स ने इस विला का वीडियो शेयर करते हुए इसका किराया 2.5 लाख रुपये बताया है. उन्होंने इससे पहले भी इस घर की रील पोस्ट की थी. दोनों वीडियो को सोशल मीडिया पर अच्छा रिस्पॉन्स मिला है. रूबेन ट्रैवल क्रिएटर हैं और अलग-अलग देशों में घूमते रहते हैं. फिलहाल वह बैंकॉक में हैं, लेकिन असम का यह विला अब भी चर्चा में है. हालांकि, घर की खूबसूरती देखकर लोग जितने प्रभावित हुए, उसका किराया जानकर उतने ही हैरान भी नजर आए. कई यूजर्स का कहना है कि घर शानदार जरूर है, लेकिन इसके लिए हर महीने 2.5 लाख रुपये खर्च करना उन्हें सही नहीं लगता. एक यूजर ने मजाक में लिखा कि 2.5 लाख रुपये सुनकर तो बच गया, लेकिन जैसे ही GST की बात आई, मेरी जान ही निकल गई. वहीं, एक दूसरे यूजर ने तंज कसते हुए कहा कि बहुत सस्ते हैं यार!

यहां देखिए वीडियो

आयुष कुमार

आयुष कुमार, टीवी9 डिजिटल में सीनियर सब एडिटर हैं. अशोक और चाणक्य की धरती बिहार से हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की तालीम हासिल की है. पत्रकारिता में तीन साल से तिल को बिना ताड़ बनाए किसी भी सोशल मुद्दे को 360 डिग्री समझाने की कोशिश करते हैं. अमर उजाला, फिरकी डॉट इन से अपने पत्रकारीय सफर की शुरुआत की है. पाठकों तक सरल शब्दों में खबरें पहुंचाना उद्देश्य रहा है. लेखन की इस दुनिया में दिलचस्पी इसलिए बढ़ गई, क्योंकि बचपन से ही काफी ज्यादा बातूनी रहे हैं. फिलहाल, टीवी9 में फीचर राइटिंग करते हुए सोशल मीडिया की नब्ज पकड़ने में माहिर हो गए है. अजीबोगरीब खबरों को गजब तरीके से लिखकर आप सबके सामने पेश करते हैं.

Read More



Exit mobile version