इंटरव्यू में HR ने महिला से किया ऐसा सवाल, इंटरनेट पर आ गया भूचाल!

शादीशुदा महिलाओं से ऐसे सवाल क्यों?Image Credit source: Meta AI

नौकरी का इंटरव्यू देने का मतलब होता है अपनी काबिलियत, स्किल्स और अनुभव को साबित करना. लेकिन क्या हो जब इंटरव्यू के बीच में आपकी पर्सनल लाइफ, शादी या फैमिली प्लानिंग से जुड़े सवाल पूछ लिए जाएं? हाल ही में सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही मामला काफी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने कॉरपोरेट जगत में महिलाओं के अधिकारों और इंटरव्यू के दौरान पूछे जाने वाले सवालों पर एक बड़ी बहस छेड़ दी है.

‘क्या आप जल्द मां बनने वाली हैं?’ जब HR ने पूछ लिया ऐसा सवाल

शताक्षी द्विवेदी नाम की एक महिला ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करके अपने साथ हुई एक अजीब घटना के बारे में बताया. शताक्षी के मुताबिक, एक कंपनी में इंटरव्यू के दौरान सब कुछ ठीक चल रहा था. एचआर ने उनसे शुरुआती प्रोफेशनल बातें पूछीं, जैसे वह कहां रहती हैं और ऑफिस आने-जाने में कोई परेशानी तो नहीं होगी.

लेकिन जैसे ही एचआर को यह पता चला कि शताक्षी की हाल ही में शादी हुई है, तो बातचीत का पूरा रुख ही बदल गया. शताक्षी ने बताया कि एचआर ने उनसे सीधे पूछ लिया, क्या आपको बुरा लगेगा अगर मैं पूछूं, आप जल्द बच्चा पैदा करने की योजना तो नहीं बना रही हैं?

इस बेहद पर्सनल और असहज करने वाले सवाल ने शताक्षी को हैरान कर दिया. उन्होंने सवाल उठाया कि जो कंपनियां बड़े-बड़े मंचों पर ‘महिला सशक्तिकरण’ और समानता की बड़ी-बड़ी बातें करती हैं, क्या रिक्रूटमेंट के वक्त वे सच में उन्हीं उसूलों का पालन करती हैं?

सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा

शताक्षी का यह वीडियो सामने आते ही इंटरनेट पर वायरल हो गया और तमाम महिलाओं ने अपने-अपने इंटरव्यू के कड़वे अनुभव साझा करने शुरू कर दिए.एक यूजर ने कमेंट किया, महिलाओं की जिंदगी के हर पड़ाव पर इस तरह के अजीब सवालों का सामना करना पड़ता है. सिंगल रहने पर पूछेंगे- शादी कब करोगी?, और शादीशुदा हो तो पूछेंगे-बच्चे कब पैदा करोगी? और बच्चे होने पर यही लोग सवाल करेंगे- काम और बच्चे को कैसे संभालोगी?

कई अन्य महिलाओं ने भी बताया कि उनसे भी इंटरव्यू के दौरान सीधे तौर पर फैमिली प्लानिंग या मैटरनिटी लीव को लेकर सवाल पूछे गए हैं. एक यूजर ने यहां तक शेयर किया कि उनके एक पुराने मैनेजर ने तो साफ कह दिया था कि वह विवाहित महिलाओं को नौकरी पर रखना ही पसंद नहीं करतीं.

क्या HR का ये सवाल सही था?

इस बहस में कुछ लोगों ने एचआर का साथ भी दिया. उनका कहना है कि कंपनियों को भी सोचना पड़ता है. अगर कोई कर्मचारी ज्वाइन करते ही मैटरनिटी लीव पर चली जाएगी, तो टीम पर काम का बोझ बढ़ेगा और दूसरी व्यवस्था करनी पड़ेगी. एक यूजर ने लिखा कि कुछ लोग नौकरी ज्वाइन करने के तुरंत बाद छुट्टी लेकर चले जाते हैं और फिर वापस नहीं आते, इससे कंपनी को नुकसान होता है. हालांकि, ज्यादातर लोगों का मानना है कि इंटरव्यू में ऐसे पर्सनल सवाल पूछना गलत और अनैतिक है.

यहां देखिए वायरल वीडियो

Disclaimer: यह खबर वायरल सोशल मीडिया पोस्ट और नेटिजन्स की प्रतिक्रियाओं पर आधारित है. टीवी9 भारतवर्ष इस पोस्ट में किए गए किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है.

अभिषेक राय

अभिषेक राय TV9 भारतवर्ष के डिजिटल में बतौर असिस्टेंट न्यूज एडिटर कार्यरत हैं और ट्रेंडिंग टीम को लीड कर रहे हैं. पत्रकारिता में उन्हें 15 साल से ज्यादा का अनुभव है. इस दौरान उन्होंने प्रिंट, टीवी और डिजिटल तीनों में काम किया है.

उनके करियर की शुरुआत 2009 में भोपाल के पीपुल्स समाचार से हुई थी, जहां उन्होंने प्रिंट मीडिया की बारीकियां सीखीं. इसके बाद वे लंबे समय तक दैनिक भास्कर ग्रुप से जुड़े रहे. यहां उन्होंने अखबार और वेबसाइट दोनों पर अहम जिम्मेदारियां निभाईं, जिससे उन्हें पुराने और नए दोनों तरह के मीडिया का अच्छा अनुभव मिला.

फिर उन्होंने अहमदाबाद के जानो दुनिया न्यूज चैनल में काम किया और टीवी मीडिया को समझा. फिलहाल वे TV9 भारतवर्ष में डिजिटल टीम का नेतृत्व कर रहे हैं.

अभिषेक को देश-दुनिया की राजनीति, विदेशी मामलों और वैश्विक कूटनीति की गहरी समझ है. वे खबरों का बारीक विश्लेषण करते हैं और डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स को भी अच्छी तरह समझते हैं.

उनका मानना है कि पत्रकारिता सिर्फ खबर देना नहीं है, बल्कि लोगों को ऐसा सच्चा और अलग कंटेंट देना है जो उनकी सोच को बड़ा बनाए और हर मुद्दे को साफ नजरिए से देखने में मदद करे.

काम से समय मिलने पर उन्हें घूमना पसंद है. वह अक्सर पहाड़ों की शांत वादियों में जाना पसंद करते हैं.

Read More



Exit mobile version