₹2.9 लाख से ₹1.5 करोड़ तक का सफरImage Credit source: pixabay
किसी की जिंदगी में मुश्किलें कब नया मोड़ ले आएं, यह कहना आसान नहीं है. करियर की शुरुआत में नौकरी छूट जाना जहां कई लोगों का हौसला तोड़ देता है, वहीं कुछ लोग इसी झटके को आगे बढ़ने की वजह बना लेते हैं. ऐसी ही कहानी एक शख्स की है, जिसने सालाना 2.9 लाख रुपये की सैलरी से अपना करियर शुरू किया और अब उसे UAE में करीब 1.5 करोड़ रुपये सालाना के पैकेज वाली नौकरी का ऑफर मिला है. उसकी यह कहानी Reddit पर शेयर की गई है, जहां लोग उसके सफर को लेकर चर्चा कर रहे हैं.
Reddit यूजर u/Aggravating_Dot_8757 ने बताया कि उसके करियर की शुरुआत L&T Infotech में मैनुअल टेस्टिंग से हुई थी. हालांकि, जरूरी इंटरनल एग्जाम पास नहीं कर पाने के कारण उसे नौकरी से हाथ धोना पड़ा. यह उसके लिए बड़ा झटका था, लेकिन उसने हार नहीं मानी. महज 15 दिनों के अंदर उसे IBM में नौकरी मिल गई. इस मौके के पीछे उसके एक दोस्त की सलाह भी काम आई, जिसने उसे आवेदन करने के लिए प्रेरित किया था.
नहीं टूटा बंदे का हौसला
उसकी दिलचस्पी बिग डेटा में थी, लेकिन IBM में शुरुआत में उसे JD Edwards पर काम करना पड़ा. अपनी पसंद की टेक्नोलॉजी में काम करने के लिए उसने मैनेजर से बात की और आखिरकार मई 2020 में उसे बिग डेटा प्रोजेक्ट पर काम करने का मौका मिल गया. इस दौरान उसने नई स्किल सीखने के लिए काफी मेहनत की. उसने बताया कि कई बार उसे रोजाना 14 से 15 घंटे तक काम करना पड़ता था. जनवरी 2022 तक उसकी सालाना सैलरी करीब 3.78 लाख रुपये पहुंची. हालांकि, उसे लगा कि उसकी मेहनत के हिसाब से सैलरी में बढ़ोतरी नहीं हो रही है. इसके बाद उसने दूसरी कंपनियों में मौके तलाशने शुरू किए.
उसे TCS, Cognizant, Wipro और Nineleaps जैसी कंपनियों से ऑफर मिले. आखिरकार उसने Airbus जॉइन किया, जहां उसे सालाना 23 लाख रुपये की सैलरी के साथ 5 लाख रुपये का जॉइनिंग बोनस मिला. वहां उसने Palantir Foundry पर काम किया और कई बड़े प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बना. लेकिन खराब परफॉर्मेंस रेटिंग मिलने के बाद उसने एक बार फिर नई नौकरी तलाशने का फैसला किया.
उसने बताया कि इस दौरान उसे 15 अलग-अलग ऑफर मिले और उसने Thoughtworks में 48 लाख रुपये सालाना के पैकेज पर नौकरी चुनी. हालांकि, यहां उसका सफर सिर्फ दो महीने चला. इसके बाद उसे दूसरी कंपनी से सालाना 62 लाख रुपये की सैलरी और 5 लाख रुपये के जॉइनिंग बोनस का ऑफर मिला. इस नौकरी की एक खास बात यह भी थी कि उसे हमेशा घर से काम करने की सुविधा मिली, जिससे परिवार के साथ समय बिताना आसान हुआ.
अब उसे UAE में करीब 1.5 करोड़ रुपये सालाना के पैकेज का ऑफर मिला है. हालांकि, उसके मुताबिक यह फैसला सिर्फ पैसे के लिए नहीं है. वह इंटरनेशनल एक्सपीरियंस हासिल करना, करियर में आगे बढ़ना और नई चुनौतियों का सामना करना चाहता है.
यह भी पढ़ें: एक छोटी-सी नेमप्लेट और पिता का बड़ा दिल, कोलकाता की इस कहानी ने छू लिया लोगों का दिल
अपने सफर को याद करते हुए उसने कहा कि इसमें किस्मत, लगातार मेहनत, सही समय और सही लोगों से मुलाकात, सभी की भूमिका रही होगी. उसकी कहानी यही बताती है कि करियर की शुरुआत में मिली नाकामी आपकी पूरी जिंदगी का फैसला नहीं करती. कई बार बस खुद पर भरोसा बनाए रखने और अगला मौका आजमाने की जरूरत होती है.
यहां देखिए पोस्ट
From getting laid off at 2.9 LPA to a ₹1.5 crore UAE opportunity — sometimes life takes you places you never imagined
by
u/Aggravating_Dot_8757 in
Indian_flex
