खाली सीट को लेकर ट्रेन में हुई लड़ाई Image Credit source: X/@SitamarhiJila
भारतीय रेलवे में बिना टिकट या सिर्फ जनरल टिकट लेकर स्लीपर और एसी कोच में चढ़ने वाले यात्रियों की खबरें अक्सर सामने आती रहती हैं. कई बार ऐसे मामलों में टिकट चेकर (टीटीई) और यात्रियों के बीच बहस भी हो जाती है. इन दिनों सोशल मीडिया पर ऐसा ही एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग हैरान हैं. वीडियो में एक यात्री ट्रेन की ऊपरी बर्थ पर लेटा हुआ दिखाई देता है और टिकट चेकिंग के दौरान टीटीई से इस तरह बहस करता है, मानो वही रेलवे के नियम तय कर रहा हो. हालांकि, यह साफ नहीं है कि यह वीडियो कब रिकॉर्ड किया गया था.
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि टीटीई कोच में टिकट जांचते हुए उस यात्री के पास पहुंचता है और उसे ऊपर वाली बर्थ से नीचे उतरने के लिए कहता है. लेकिन यात्री नीचे आने के बजाय वहीं लेटे-लेटे ऊंची आवाज में बहस शुरू कर देता है. वह दावा करता है कि अगर ट्रेन में सीटें खाली हैं तो किसी भी यात्री को वहां बैठने या लेटने का अधिकार होना चाहिए. उसका कहना होता है कि लोग मजबूरी में रिजर्व कोच में आते हैं और इसमें गलत क्या है. बहस के दौरान वह रेलवे नियमों पर सवाल उठाने के साथ-साथ व्यवस्था पर भी नाराजगी जाहिर करता है.
क्या दिखा 2 मिनट के इस वीडियो?
जब टीटीई उसे समझाता है कि बिना रिजर्वेशन के स्लीपर या एसी कोच में सफर करना नियमों के खिलाफ है और इसके लिए जुर्माना देना पड़ेगा, तब यात्री और ज्यादा गुस्से में आ जाता है. वह कहता है कि वह केवल गुवाहाटी तक का वास्तविक किराया देने को तैयार है, लेकिन उससे ज्यादा एक पैसा भी नहीं देगा. इसके बाद टीटीई उसे बार-बार नीचे उतरने के लिए कहता है ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके. यात्री लगातार इनकार करता रहता है, जिसके बाद टीटीई उसे नीचे लाने की कोशिश करता है और आखिर में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को बुलाने की बात कहता है. करीब दो मिनट का यह वीडियो यहीं खत्म हो जाता है.
वीडियो वायरल होने के बाद लोगों के बीच रेलवे के नियमों को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई. रेलवे के मुताबिक, यदि किसी यात्री के पास सिर्फ जनरल टिकट है तो वह सीधे स्लीपर या एसी कोच में यात्रा नहीं कर सकता. अगर कोई ऐसा करते हुए पकड़ा जाता है तो टीटीई को नियमों के अनुसार एक्सट्रा किराया और जुर्माना वसूलने का अधिकार होता है. जरूरत पड़ने पर ऐसे यात्री को आरपीएफ की मदद से ट्रेन से उतारा भी जा सकता है.
यह भी पढ़ें: VIDEO: क्या अपने ही रोक रहे हैं आपकी सोशल मीडिया ग्रोथ? कंटेंट क्रिएटर्स को अंकल ने दी ये वायरल टिप
सोशल मीडिया पर इस वीडियो को देखने के बाद ज्यादातर लोगों ने यात्री के व्यवहार की आलोचना की है. लोगों का कहना है कि टीटीई केवल अपनी जिम्मेदारी निभा रहा था, जबकि यात्री नियमों का पालन करने के बजाय बहस करता नजर आया. कई यूजर्स ने रेलवे से मांग की है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाए ताकि बाकी यात्रियों को भी नियमों का पालन करने का मैसेज मिल सके.
यहां देखिए वीडियो
ट्रेन में सरकारी आदमी बोल कर सोए थे, एक महान व्यक्ति।
फिर देखिए टीटीई साहेब आ गए बोले नीचे उतरो टिकट कहा है आपका। आगे देखिए दोनों में बहसबाजी शुरू हो गई। 😎 pic.twitter.com/NJBOkNsk8D
— सीतामढ़ी जिला 🇮🇳 (@SitamarhiJila) August 1, 2026
