जर्मन महिला ने पहली बार चखा गोलगप्पा, खाते ही सिर चढ़कर स्ट्रीट फूड का जादू

जर्मनी की महिला ने पहली बार खाए गोलगप्पेImage Credit source: Instagram/carinaxaman

भारतीय स्ट्रीट फूड का स्वाद अब सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रहा. दुनिया के अलग-अलग देशों से आने वाले लोग भी यहां के चटपटे और अनोखे व्यंजनों के दीवाने होते जा रहे हैं. खासकर गोलगप्पा, जिसे देश के अलग-अलग हिस्सों में पानीपुरी, पुचका या गुपचुप जैसे नामों से जाना जाता है, विदेशी पर्यटकों के लिए किसी रोमांच से कम नहीं होता. कुरकुरी पुरी के अंदर मसालेदार आलू और खट्टे-मीठे पानी का स्वाद पहली बार चखने वाले अक्सर हैरान रह जाते हैं. ऐसा ही एक मजेदार वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर लोगों का खूब ध्यान खींच रहा है.

वायरल हो रहे इस वीडियो में एक जर्मन महिला पहली बार गोलगप्पा खाने का एक्सपीरियंस करती दिखाई देती है, लेकिन लोगों को सबसे ज्यादा मजा उसके खाने से पहले हुए एक छोटे से मजेदार पल में आता है. दरअसल, महिला गोलगप्पा का नाम बोलने की कोशिश करती है, लेकिन सही उच्चारण नहीं कर पाती. “गोलगप्पा” की जगह वह हंसते हुए “टोलगप्पा” कह देती है. उसकी यही मासूम गलती लोगों के चेहरे पर मुस्कान ले आती है.

कैसा रहा एक्सपीरियंस

वीडियो को इंस्टाग्राम पर @carinaxaman नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है. क्लिप में महिला एक गोलगप्पे के ठेले के सामने खड़ी नजर आती है और पहली बार इस मशहूर भारतीय स्ट्रीट फूड को चखने के लिए काफी उत्साहित दिखाई देती है. जैसे ही वह इसका नाम बोलने की कोशिश करती है, उसके मुंह से ‘टोलगप्पा’ निकल जाता है. आसपास मौजूद लोग भी उसकी इस प्यारी सी गलती पर मुस्कुरा देते हैं.

इसके बाद महिला एक गोलगप्पा हाथ में उठाती है. तभी उसके साथ मौजूद शख्स उसे समझाता है कि गोलगप्पा हमेशा एक ही बार में खाना चाहिए, क्योंकि तभी इसका असली स्वाद आता है. महिला उसकी बात मानती है और पूरा गोलगप्पा एक साथ खा लेती है. जैसे ही वह पहला निवाला लेती है, उसके चेहरे के भाव बदल जाते हैं और साफ नजर आता है कि उसे यह स्वाद बेहद पसंद आया है.

गोलगप्पा खाने के बाद वह खुशी से कहती है कि भारतीय खाना सच में बहुत स्वादिष्ट है. उसकी यह सच्ची और बिना किसी बनावट वाली प्रतिक्रिया लोगों को काफी पसंद आ रही है. वीडियो में उसकी खुशी, उत्साह और भारतीय खाने के प्रति प्यार साफ दिखाई देता है, जिसकी वजह से यह क्लिप तेजी से वायरल हो गई.

यह भी पढ़ें: Viral Video: असली खतरों का खिलाड़ी निकला ये किसान, कंधे पर लाद लिया पांच फीट का मगरमच्छ

वीडियो के कैप्शन में भी बताया गया है कि वह पहली बार गोलगप्पा खा रही है. सोशल मीडिया यूजर्स भी इस पल को खूब पसंद कर रहे हैं. कमेंट सेक्शन में लोगों ने दिल वाले इमोजी, प्यार भरे संदेश और मजेदार प्रतिक्रियाएं शेयर की हैं.

यहां देखिए वीडियो

आयुष कुमार

आयुष कुमार, टीवी9 डिजिटल में सीनियर सब एडिटर हैं. अशोक और चाणक्य की धरती बिहार से हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की तालीम हासिल की है. पत्रकारिता में तीन साल से तिल को बिना ताड़ बनाए किसी भी सोशल मुद्दे को 360 डिग्री समझाने की कोशिश करते हैं.

अमर उजाला, फिरकी डॉट इन से अपने पत्रकारीय सफर की शुरुआत की है. पाठकों तक सरल शब्दों में खबरें पहुंचाना उद्देश्य रहा है. लेखन की इस दुनिया में दिलचस्पी इसलिए बढ़ गई, क्योंकि बचपन से ही काफी ज्यादा बातूनी रहे हैं. फिलहाल, टीवी9 में फीचर राइटिंग करते हुए सोशल मीडिया की नब्ज पकड़ने में माहिर हो गए है. अजीबोगरीब खबरों को गजब तरीके से लिखकर आप सबके सामने पेश करते हैं.Read More



Exit mobile version