विदेशी महिला ने खोली भारत की असली और खूबसूरत तस्वीरImage Credit source: Instagram/@janekikhoj
अक्सर विदेशियों के भारत घूमने पर ओवरचार्जिंग या ठगी की खबरें सुर्खियां बनती हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो इस धारणा को पूरी तरह बदल रहा है. भारत यात्रा पर आई विदेशी ट्रैवलर जेन ने अपने अनुभवों से इंटरनेट पर लोगों का दिल जीत लिया है. जेन के मुताबिक, भारत में उन्हें सिर्फ घूमा ही नहीं गया, बल्कि हर मोड़ पर अपनों जैसा प्यार और आदर मिला.
अंडरचार्जिंग और स्पेशल वेलकम का अनोखा अनुभव
अपने इंस्टाग्राम अकाउंट Jane Ki Khoj पर शेयर किए गए वीडियो में जेन बताती हैं कि उन्हें भारत में कई जगह तय कीमत से भी कम पैसे देने पड़े. एक स्थानीय चाय वाले ने उनसे यह कहकर कम पैसे लिए कि वह देश की मेहमान हैं. इसी तरह कई रेस्टोरेंट्स में उन्हें मुफ्त मिठाइयां और एक्स्ट्रा खाना दिया गया, जहां लोगों ने मुस्कुराकर उनका स्वागत Welcome to India कहकर किया.
अनजान लोगों ने बनाया परिवार का हिस्सा
जेन की यह यात्रा सिर्फ मुफ्त चाय या खाने तक सीमित नहीं रही. भारत प्रवास के दौरान उन्होंने अपना ज्यादातर समय स्थानीय परिवारों के साथ बिताया. अनजान लोगों ने न सिर्फ उन्हें अपने घर खाने पर बुलाया, बल्कि अपने पारिवारिक समारोहों और शादियों में भी शामिल किया.
एक शहर से दूसरे शहर तक जुड़ा रिश्तों का नेटवर्क
जब जेन एक शहर से दूसरे शहर जाती थीं, तो जिस परिवार के साथ वह ठहरी होती थीं, वे अगले शहर में अपने रिश्तेदारों या दोस्तों से उनका संपर्क करा देते थे. जेन के लिए यह कोई व्यावसायिक ट्रैवल नेटवर्क नहीं, बल्कि एक गहरा व्यक्तिगत जुड़ाव बन गया.
सोशल मीडिया पर भारतीय यूजर्स ने जताई खुशी
जेन ने माना कि कुछ पर्यटकों को ओवरचार्जिंग की समस्या हो सकती है, लेकिन उनका खुद का अनुभव अंडरचार्जिंग और अपार स्नेह का रहा. उनके इस वीडियो पर भारतीय यूजर्स जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं और भारत की इस सकारात्मक व वास्तविक तस्वीर को दुनिया के सामने लाने के लिए जेन का शुक्रिया अदा कर रहे हैं.
यहां देखिए वायरल वीडियो
