…तब तुम्हारे मुंह में गोली मार दें, इतना बोल दबा दिया ट्रिगर; बिहार में बेगूसराय में बदमाशों का तांडव, Bihar Hindi News

इस वारदात के बाद वहां मौजूद अन्य लोगों ने उसके घर जाकर परिजनों को जानकारी दी। उसके बाद जख्मी ने अपने चाचा को घटना की पूरी जानकारी दी व बदमाशों का नाम भी बताया जिसने उसे गोली मारी।

बिहार के बेगूसराय में अपराधियों ने जमकर तांडव मचाया है। बेगसराय में वीरपुर थाना क्षेत्र के मुजफ्फरा गांव स्थित सूर्य मंदिर परिसर में बदमाशों ने शनिवार की रात 19 वर्षीय दिव्यांग अजीत कुमार को मुंह में गोली मार दी। इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। वह मुजफ्फरा गांव निवासी स्व. देवेन्द्र सहनी का पुत्र है। खून से लथपथ हालत में परिजनों ने उसे इलाज के लिए शहर के निजी क्लीनिक में भर्ती कराया जहां वह मौत से जूझ रहा है। घटना की सूचना पर सदर एसडीपीओ-दो कुमारी दुर्गा शक्ति ने निजी क्लीनिक पहुंचकर जख्मी की स्थिति की जानकारी चिकित्सक से ली। उसके बाद उसके परिजनों से घटना के बारे में पूछताछ की। जख्मी के चाचा उपेन्द्र सहनी ने बताया कि मुजफ्फरा गांव के उत्तर बांध किनारे सूर्य मंदिर है।

इसी परिसर में अजीत रात में सोता है। वह दिव्यांग है। शनिवार की रात चोर उचक्के आये व चोरी की किसी घटना में शामिल होने के लिए दबाव बनाया। जब अजीत ने उनके साथ जाने से इनकार कर दिया तो एक बदमाश ने कहा कि तब तुम्हारे मुंह में गोली मार दें। दोनों के बीच विवाद बढ़ने पर दूसरे बदमाश ने उसके मुंह में गोली मार दी। गोली लगने के बाद जख्मी होकर खून से लथपथ हो गया।

घटना के बाद वहां मौजूद अन्य लोगों ने उसके घर जाकर परिजनों को जानकारी दी। उसके बाद जख्मी ने अपने चाचा को घटना की पूरी जानकारी दी व बदमाशों का नाम भी बताया जिसने उसे गोली मारी। उसके बाद जख्मी को शहर के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार ने मौके पर पहुंच मामले की जांच शुरू कर दी है।

परिजन बोले- चोरी करने जाने से इनकार करने पर मार दी गोली

परिजनों के अनुसार अजीत सूर्य मंदिर परिसर में सो रहा था। तभी वहां उसका ग्रामीण दोस्त सुजीत कुमार आ गया और उसे चोरी करने के लिए जाने की जिद करने लगा। इस पर अजीत ने जाने से मना कर दिया। तभी सुजीत ने कमर से देसी कट्टा निकाला और उसके मुंह के पास ले जाकर गोली चला दी। गोली लगते ही अजीत लहूलुहान होकर बेसुध हो गया। गोली उसके गर्दन में फंस गई थी। फायरिंग की आवाज सुन वहां सो रहे अन्य लोग भी जग गए। उन्होंने घटना की सूचना परिजनों को दी। ग्रामीणों ने बताया कि गोली चलाने वाला युवक सुजीत कुमार चेरियाबरियारपुर थाना क्षेत्र के सकरबासा गांव का रहने वाला है। किन्तु वह बचपन से ही अपनी मां के साथ अपने ननिहाल मुजफ्फरा में ही रहता है।

एसपी ने क्या कहा

एसपी मनीष ने बताया कि जख्मी के दोस्त सुजीत कुमार के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। उसके बाद उसे गोली मारकर जख्मी कर दिया। आरोपित बदमाश चेरियाबरियारपुर थाना क्षेत्र के कुंभी गांव का रहने वाला है। वह अपनी नानी के घर मुजफ्फरा गांव में रहता है। सुजीत की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गयी है।

Exit mobile version