दरभंगा जिले के कमतौल में मंगलवार रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिजन ने आरोप लगाया कि कुछ युवक उसे रात में घर से बुलाकर ले गए थे। उसके बाद उसका सड़क पर शव पड़ा मिला।
बिहार के दरभंगा जिले में मंगलवार रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी ई। वारदात कमतौल थाना क्षेत्र की है। रतनपुर से कलवारा जाने वाली सड़क पर डीह बाध स्थित सड़क किनारे शव पड़ा मिला। मृतक की पहचान रतनपुर निवासी आदित्य माधव भारद्वाज उर्फ सत्यम के रूप में हुई है। बताया गया कि कुछ युवक उसे घर से बुलाकर ले गए थे। फिर सीने और गले में गोली मारकर हत्या कर दी गई।
युवक का शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव मिलने की खबर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। सूचना मिलते ही सदर-2 एसडीपीओ शुभेन्द्र कुमार सुमन, कमतौल थानाध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल की जांच शुरू की।
एफएसएल की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मृतक के पिता संजू कुमार ठाकुर ने बताया कि मंगलवार शाम करीब सात बजे गांव से बाहर का एक युवक और गांव के तीन-चार युवक उनके पुत्र को घर से बुलाकर बाहर ले गए थे। रात करीब 9:45 बजे स्थानीय चौकीदार के माध्यम से उन्हें पुत्र की हत्या की सूचना मिली।
पिता का आरोप
पिता ने आरोप लगाया है कि घर से बुलाकर ले जाने वाले युवकों ने ही उनके पुत्र की हत्या करवाई है। परिजनों के अनुसार, सत्यम के सीने और कनपट्टी में गोली लगने की बात सामने आई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा भेज दिया है।
पुलिस क्या बोली
सदर-2 एसडीपीओ ने बताया कि हत्या के कारणों और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। मृतक के परिजन के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पूछताछ के लिए कुछ युवकों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर छानबीन कर रही है।

























