बिहार के अररिया जिले में जुमनी की हत्या का राज खुल गया है। जुमनी की हत्या उसकी मां और बहन ने ही कर दी। दोनों इस हत्याकांड में अपने पड़ोसी को फंसाना भी चाहते थे लेकिन पुलिस ने इस पूरे खूनी खेल का पर्दाफाश कर दिया है।
बिहार के अररिया जिले में एक कत्ल की ऐसी कहानी सामने आई जिसे जाकर हर कोई हैरान है। यहां एक मां ने अपनी ही बेटी को मौत के घाट उतार दिया। इस मर्डर में लड़की की छोटी बहन ने भी अपनी मां का साथ दिया। मृतक जुमनी का कसूर सिर्फ इतना था कि वो देखने में सामान्य नहीं थी और उसकी शादी नहीं हो पा रही थी। एक मां की ममता और बहन का स्नेह दुनिया में सबसे पवित्र होता है, लेकिन जोकीहाट थाना क्षेत्र के हैय्याधार गांव में रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात ने इस रिश्ते को तार-तार कर दिया है। 24 घंटे पहले बीबी जुमनी की गला रेतकर की गयी हत्या की गुत्थी जब पुलिस ने सुलझाई तो हकीकत जानकर हर कोई सन्न रह गया। जुमनी की जान किसी बाहरी दुश्मन ने नहीं, बल्कि उनकी अपनी सगी मां फातिमा और सगी बहन आशिया ने ली थी। घटना से आहत मृतका के पिता मोहसीन ने खुद अपनी पत्नी व बेटी के खिलाफ जोकीहाट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
इधर, जोकीहाट पुलिस ने हत्यारोपी मां-बेटी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया है। दर्ज कराई गई प्राथमिकी के मुताबिक इस खौफनाक साजिश की वजहें बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली हैं। प्राथमिकी में खुलासा हुआ है कि जुमनी मंदबुद्धि और दिखने में सामान्य नहीं थी। उसकी शादी न हो पाने के कारण परिवार को लगातार समाज के तानों का सामना करना पड़ता था, जिससे घर में रोज क्लेश होता था। इस बीच दो अगस्त को पड़ोसी अजीज और उनके परिवार से बकरी चराने को लेकर विवाद व धक्का-मुक्की हुई थी।
जोकीहाट थानेदार राजीव कुमार ने बताया कि इस विवाद में मां-बेटी ने एक तीर से दो शिकार करने का मन बनाया। एक तरफ जुमनी को रास्ते से हटाना और दूसरी तरफ हत्या का इल्जाम पड़ोसी दुश्मनों पर गढ़कर उनसे बदला लेना। इसी साजिश के तहत मां और बहन ने बिना किसी बाहरी व्यक्ति की मदद से धारदार हथियार से जुमनी का गला रेतकर उसे मौत के घाट उतार दिया।
दबिया-कचिया बरामद
फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया और साक्ष्य जुटाए। थानेदार श्री झा ने बताया कि पुलिसिया जांच और तकनीकी साक्ष्यों के सामने जब आरोपियों से पूछताछ शुरू हुई तो मां-बेटी ने गुनाह कबूल कर लिया। इसके साथ ही पुलिस ने कातिल मां-बेटी की निशानदेही पर घर से ही हत्या में प्रयुक्त धारदार दबिया और कचिया बरामद कर लिया है।

























